जिले में एचपीवी टीका सुरक्षा अभियान का हुआ शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
जिले में  एचपीवी टीका सुरक्षा अभियान का हुआ शुभारंभ


धमतरी, 16 मार्च (हि.स.)।महिलाओं और किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के उद्देश्य से जिला अस्पताल धमतरी में “एचपीवी टीका सुरक्षा का संकल्प” अभियान का सोमवार को शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर रामू रोहरा के मुख्य आतिथ्य में हुआ। एचपीवी टीका सुरक्षा का संकल्प अभियान के शुभारंभ के साथ ही जिले में बेटियों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है।

कार्यक्रम के दौरान सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जागरूकता और टीकाकरण के महत्व पर विशेष रूप से चर्चा की गई। महापौर रामू रोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं और बेटियों के लिए एक गंभीर और जानलेवा बीमारी बनती जा रही है, लेकिन समय पर जागरूकता और टीकाकरण के माध्यम से इससे बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीका बेटियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है और समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक जानकारी पहुंचेगी और अभिभावक अपनी बेटियों को समय पर टीका लगवाने के लिए प्रेरित होंगे। इससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के मामलों में कमी लाने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में उपस्थित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और चिकित्सकों ने भी एचपीवी टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डाला।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यूएल कौशिक ने बताया कि एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी और सुरक्षित उपाय है। यह टीका कम उम्र में लगाने से भविष्य में इस बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी बेटियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं। जागरूकता और टीकाकरण ही इस बीमारी से बचाव का सबसे सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा उपस्थित लोगों को एचपीवी टीके की उपयोगिता, इसके लाभ और टीकाकरण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही लोगों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए नियमित जांच और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह भी दी गई। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story