एचपीवी टीकाकरण महाअभियान: बालिकाओं को मिल रहा सुरक्षा कवच

WhatsApp Channel Join Now
एचपीवी टीकाकरण महाअभियान: बालिकाओं को मिल रहा सुरक्षा कवच


धमतरी, 09 सितंबर (हि.स.)। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जिले में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण का विशेष महाअभियान जारी है। इसी क्रम में नौ सितंबर को जिले के विभिन्न विकासखंडों और शैक्षणिक संस्थानों में बड़ी संख्या में बालिकाओं का टीकाकरण किया गया। बुधवार को हाईस्कूल ग्राम चटौद में 37 बच्चों की ब्लड ग्रुप टेस्ट कर ब्लड ग्रुप से संबंधित जानकारी दी गई। टीकाकरण के बाद इसके फायदे बताए गए।

केंद्र और राज्य शासन के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा यूएल कौशिक के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान के तहत पात्र बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाकर भविष्य में होने वाले गंभीर स्वास्थ्य जोखिम से बचाने की पहल की जा रही है। बुधवार को विकासखंड नगरी के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में कुल 37 बालिकाओं को टीका लगाया गया। इनमें कन्या शिक्षा परिसर दुगली की 15, खैरभरी की छह, बेलरगांव की एक, हाईस्कूल सांकरा की नौ और हाईस्कूल रिसगांव की छह बालिकाएं शामिल हैं। विकासखंड कुरुद में विजन स्कूल की आठ, स्वामी आत्मानंद विद्यालय की 20 और मेडली स्कूल की 23 बालिकाओं का टीकाकरण हुआ। धमतरी शहर के टैलेंट स्कूल और मॉडल स्कूल में 12-12 बालिकाओं को वैक्सीन लगाई गई। हाईस्कूल चटोद में 23 बालिकाओं को वैक्सीन लगाने के साथ सेनेटरी नैपकिन का वितरण भी किया गया। वहीं स्वामी आत्मानंद विद्यालय चर्रा में 30 और आमदी में 28 बालिकाओं का टीकाकरण किया गया। टीकाकरण के साथ किशोरियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और एचपीवी संक्रमण से बचाव के संबंध में जागरूक किया जा रहा है। ग्राम बोडरा के स्कूल में ग्राम पंचायत जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों के सहयोग से एचपीवी वैक्सीन के लाभ एवं आवश्यकता को लेकर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया, जिसमें अभिभावकों और बालिकाओं को टीकाकरण से जुड़े भ्रम दूर करते हुए वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया गया।

पैपिलोमा वायरस से बचाव के लिए लगाया जा रहा टीका:

सीएचएमओ डा डा यूएल कौशिक ने बताया कि, ह्यूमन पैपिलोमा वायरस का संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। किशोरावस्था में एचपीवी टीकाकरण कराने से भविष्य में इस बीमारी के जोखिम को काफी कम किया जा सकता है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने सभी पालकों, शिक्षकों एवं नागरिकों से अपील की है कि पात्र बालिकाओं को एचपीवी का टीका अवश्य लगवाएं और उन्हें सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य प्रदान करने में सहभागी बनें। जिले के अन्य विकासखंडों में भी टीकाकरण अभियान लगातार जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story