धमतरी जिले में शुरू हुआ एचपीवी विशेष टीकाकरण सप्ताह, 18 जुलाई तक चलेगा अभियान

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी जिले में शुरू हुआ एचपीवी विशेष टीकाकरण सप्ताह, 18 जुलाई तक चलेगा अभियान


धमतरी, 13 जुलाई (हि.स.)। सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी से बेटियों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जिले में 13 से 18 जुलाई तक एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) विशेष टीकाकरण सप्ताह शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत जिले की 14 वर्ष आयु की सभी पात्र बालिकाओं को निश्शुल्क एचपीवी टीका लगाया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों के साथ चिन्हित विद्यालयों एवं निर्धारित टीकाकरण सत्र स्थलों पर विशेष व्यवस्था की गई है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा यूएल कौशिक ने बताया कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है और समय पर लगाया गया एचपीवी टीका इस बीमारी से बचाव का सुरक्षित, प्रभावी एवं वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित माध्यम है। टीकाकरण से भविष्य में सर्वाइकल कैंसर का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं ताकि जिले की प्रत्येक पात्र बालिका तक टीके की पहुंच सुनिश्चित हो सके।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि बेटियों का स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रांति पर ध्यान न देकर स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों की सलाह पर विश्वास करें और अपनी 14 वर्ष की प्रत्येक पात्र बेटी को इस विशेष अभियान के दौरान निश्शुल्क एचपीवी टीका अवश्य लगवाएं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से भी अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने तथा अधिक से अधिक बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित कराने में सक्रिय सहयोग की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story