ग्राम पंचायतों में सात मार्च को रोजगार दिवस के साथ मनाया जाएगा आवास दिवस
-चावल महोत्सव का होगा आयोजन, क्यूआर कोड से मिलेगी योजनाओं की पूरी जानकारी
जांजगीर-चांपा, 06 मार्च (हि. स.)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में प्रत्येक माह की 07 तारीख को चावल उत्सव के साथ महात्मा गांधी नरेगा के अंतर्गत रोजगार दिवस और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास दिवस का आयोजन किया जाएगा।
जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सभी ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस और आवास दिवस का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाए तथा शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र हितग्राही को समय पर पक्का आवास उपलब्ध कराया जाए। आयोजन के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के हितग्राहियों को आवास निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आवास दिवस के दौरान जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों और ग्रामीण हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) तथा विकसित भारत जी-राम जी अधिनियम 2025 के प्रावधानों की जानकारी क्यूआर कोड स्कैन प्रणाली के माध्यम से दी जाएगी। इसके साथ ही ग्रामीणों को क्यूआर कोड के उपयोग और शासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
शासन के निर्देशों के अनुरूप 07 मार्च को सभी ग्राम पंचायतों में चावल महोत्सव के साथ रोजगार दिवस और आवास दिवस का संयुक्त आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान ग्रामीणों को बताया जाएगा कि प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किश्तें तथा महात्मा गांधी नरेगा की मजदूरी भुगतान की राशि शीघ्र ही भारत सरकार से प्राप्त होने वाली है। यह भी निर्देशित किया गया है कि आयोजन से पूर्व दोनों योजनाओं से संबंधित लंबित समस्याओं का ग्राम पंचायत, विकासखंड एवं जिला स्तर पर समुचित निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ हितग्राहियों तक सुगमता से पहुंच सके। साथ ही युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से संतृप्तता आधारित सभी ग्राम पंचायतों की आदर्श प्लानिंग और विकसित भारत जी-राम जी योजना के क्रियान्वयन की जानकारी दी जाएगी। साथ ही क्यूआर कोड प्रणाली के व्यापक प्रचार-प्रसार करने कहा ताकि ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी सरल और प्रभावी तरीके से प्राप्त हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

