कोंडागांव में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत 1615 आवास में हुआ गृह प्रवेश

WhatsApp Channel Join Now
कोंडागांव में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत 1615 आवास में हुआ गृह प्रवेश


कोंडागांव, 11 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत आज शुक्रवार काे जिला कोंडागांव में 1615 पूर्ण आवासों में गृह प्रवेश का कार्यक्रम संपन्न हुआ। यह आयोजन छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत निर्मित आवासों के गृह प्रवेश कार्यक्रम के क्रम में आयोजित किया गया।

छत्तीसगढ़ के जिला शक्ति में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में केंद्रीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत निर्मित आवासों में गृह प्रवेश का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसी क्रम में आज जिला कोंडागांव के विभिन्न ग्राम पंचायतों में भी 1615 आवासों में हितग्राहियों ने अपने नए पक्के आवास में गृह प्रवेश किया।

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद परिवारों को पक्के एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कोंडागांव जिले में भी योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को आवास का लाभ प्रदान करते हुए उनके अपने पक्के घर के सपने को साकार किया जा रहा है। गृह प्रवेश के अवसर पर हितग्राहियों में विशेष उत्साह एवं खुशी देखने को मिली। हितग्राहियों ने अपने नए पक्के आवास के लिए भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। हितग्राहियों ने कहा कि पक्का मकान मिलने से उनके परिवार को सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिला है तथा अब उन्हें कच्चे मकान में रहने की परेशानियों से मुक्ति मिली है।

इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं जिला पंचायत द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत स्वीकृत आवासों को समय-सीमा में पूर्ण कराने तथा पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों को भी रेखांकित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण केवल आवास निर्माण की योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों के सुरक्षित, सम्मान जनक एवं बेहतर जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिला कोंडागांव में 1615 परिवारों का अपने पक्के घर में गृह प्रवेश इसी संकल्प की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story