जांजगीर चांपा जिले में जनगणना हेतु मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य प्रारंभ

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर चांपा जिले में जनगणना हेतु मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य प्रारंभ


जांजगीर चांपा जिले में जनगणना हेतु मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य प्रारंभ


जांजगीर, 1 मई (हि. स.)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले में आज 1 मई से भारत की आगामी जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इस चरण में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर सर्वे कर मकानों एवं परिवारों से संबंधित विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी।

इस प्रक्रिया के अंतर्गत प्रगणक प्रत्येक मकान का सर्वे करते हुए भवन की स्थिति, निर्माण सामग्री, उपयोग (आवासीय/व्यावसायिक), कमरों की संख्या, पेयजल, शौचालय, बिजली, गैस सुविधा सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी दर्ज करेंगे। इस बार जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं आधुनिक बनाने के लिए डिजिटल माध्यम का उपयोग किया जा रहा है।

कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि, जनगणना का यह प्रथम चरण अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी के आधार पर आगामी वर्ष जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी प्रदान कर इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मकान सूचीकरण कार्य समयबद्ध, त्रुटिरहित एवं पारदर्शी तरीके से पूर्ण किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी प्रगणकों को निर्धारित प्रारूप एवं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ।

जिला प्रशासन द्वारा सर्वे कार्य की सतत मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके और जनगणना कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story