कोरबा में डीएमएफ से स्कूलों में मिल रहा गरम नाश्ता, 1.06 लाख विद्यार्थियों को मिल रहा लाभ

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा में डीएमएफ से स्कूलों में मिल रहा गरम नाश्ता, 1.06 लाख विद्यार्थियों को मिल रहा लाभ


कोरबा, 12 नवंबर (हि. स.)। आदिवासी और वनांचल क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए कोरबा जिले में शुरू की गई गरम पौष्टिक नाश्ता योजना सकारात्मक बदलाव ला रही है। जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) से संचालित इस पहल के तहत जिले की शासकीय प्राथमिक और माध्यमिक शालाओं में कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को स्कूल खुलने के साथ गरम नाश्ता दिया जा रहा है। इससे बच्चों की स्कूलों में उपस्थिति बढ़ने के साथ उनकी पढ़ाई और स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक असर पड़ रहा है।

कोरबा जिले की पहचान आदिवासी जिले के रूप में है। यहां की 1,740 शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में लगभग 1 लाख 6 हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनमें करीब 73 से 75 प्रतिशत बच्चे अनुसूचित जनजाति परिवारों से आते हैं। इनमें बड़ी संख्या ऐसे बच्चों की है, जो गरीब परिवारों से हैं और वनांचल एवं दूरस्थ बसाहटों में रहते हैं। ऐसे बच्चों को नियमित रूप से स्कूल तक लाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर जिला प्रशासन ने डीएमएफ के माध्यम से गरम नाश्ता उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू की है।

योजना के तहत बच्चों को पोहा, भजिया, खीर, उपमा, हलवा और खिचड़ी जैसे पौष्टिक नाश्ते दिए जा रहे हैं। मेनू में बच्चों की पसंद और स्थानीय उपलब्धता का विशेष ध्यान रखा गया है। शिक्षकों के अनुसार, सुबह स्कूल में नाश्ता मिलने से बच्चों का विद्यालय आने के प्रति उत्साह बढ़ा है। साथ ही पढ़ाई के दौरान भूख की समस्या भी कम हुई है।

कोरबा ब्लॉक के ग्राम लामपहाड़ में रहने वाले पहाड़ी कोरवा जेठूराम कोरवा की दोनों बेटियां अब नियमित रूप से स्कूल जाती हैं। स्कूल में नाश्ता मिलने की जानकारी होने के कारण परिवार भी बच्चों को पढ़ाई के लिए विद्यालय भेजने को प्राथमिकता दे रहा है। कक्षा पांचवीं की फूलमनिया बताती हैं कि स्कूल पहुंचकर नाश्ता करने के बाद वह दोपहर का भोजन भी विद्यालय में करती हैं और पढ़ाई पूरी कर घर लौटती हैं।

इसी तरह कदमझेरिया और कोरई की प्राथमिक शालाओं में पढ़ने वाले बच्चों के परिवारों ने भी नाश्ता योजना के सकारात्मक परिणाम बताए हैं। कक्षा तीसरी के सम्लेश्वर और पांचवीं के बम्लेश्वर की मां निहारोबाई के अनुसार, पहले पसंद का नाश्ता नहीं मिलने पर बच्चे स्कूल जाने से बचते थे, लेकिन अब दोनों बेटे सुबह तैयार होकर नियमित रूप से स्कूल जाते हैं।

पाली ब्लॉक के डोंगानाला के आश्रित ग्राम मांझीपारा की प्राथमिक शाला में 50 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। यहां भी बच्चों को पोहा, उपमा, भजिया, पूरी, खीर और हलवा जैसे नाश्ते दिए जा रहे हैं। इसके अलावा परसदा, पोड़ी-उपरोड़ा के कोदवारी और कटमोरगा तथा करतला ब्लॉक के पठियापाली के विद्यार्थियों ने भी बताया कि स्कूल में नाश्ता और भोजन मिलने से उन्हें भूख की चिंता नहीं रहती और पढ़ाई में मन लगता है।

गरम नाश्ता देने की शुरुआत पहले पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड और कोरबा ब्लॉक के शहरी क्षेत्रों के कुछ स्कूलों में की गई थी। लगभग ढाई माह तक मिले सकारात्मक परिणामों के बाद इस व्यवस्था का विस्तार जिले के सभी पांच विकासखंडों कोरबा, कटघोरा, पाली, करतला और पोड़ी-उपरोड़ा तक कर दिया गया।

जिला प्रशासन ने स्कूलों को नाश्ते का मेनू प्रदर्शित करने तथा स्थानीय उपलब्धता और बच्चों की पसंद के अनुसार नाश्ता देने के निर्देश दिए हैं। दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के शिक्षकों का कहना है कि इस पहल से बच्चों की नियमित उपस्थिति में सुधार हुआ है। अब विद्यार्थी स्कूल पहुंचने के बाद पूरे समय विद्यालय में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं।

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर कोरबा जिले की यह पहल शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में सामने आई है। डीएमएफ से मिलने वाला गरम पौष्टिक नाश्ता आदिवासी अंचल के बच्चों को स्कूल से जोड़ने के साथ उनकी नियमित पढ़ाई और बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में भी मददगार साबित हो रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776091 Articles

Share this story