कोरबा : डीप फ्रीजर का स्विच ऑन करना भूला अस्पताल, शव सड़ने से मचा हंगामा
कोरबा, 21 अप्रैल (हि. स.)।कोरबा शहर के टीपी नगर स्थित शिवाय हॉस्पिटल की बड़ी लापरवाही सामने आई है, जिसने एक परिवार की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है। 100 बिस्तरों वाला अस्पताल होने के बावजूद केवल प्रोविजनल लाइसेंस पर संचालित इस अस्पताल में मृतक के शव को डीप फ्रीजर में रखने के बाद उसका स्विच चालू करना ही भूल गए। परिणामस्वरूप शव खराब हो गया।
जानकारी के अनुसार, कोरबा के एक प्रतिष्ठित परिवार के मुखिया की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें शिवाय हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। परिवार के अधिकांश सदस्य मौजूद थे, लेकिन उनका पुत्र विदेश में होने के कारण तत्काल नहीं पहुंच सका। ऐसे में शव को सुरक्षित रखने के लिए अस्पताल प्रबंधन से डीप फ्रीजर की व्यवस्था कराई गई।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल ने शव को फ्रीजर में तो रख दिया, लेकिन मशीन चालू नहीं की। 19 अप्रैल से 21 अप्रैल तक शव फ्रीजर में ही पड़ा रहा, जिससे वह डीकंपोज होने लगा। मंगलवार को जब मृतक का बेटा विदेश से लौटकर अंतिम दर्शन के लिए पहुंचा और फ्रीजर खोला गया, तो शव की हालत देखकर वह भावुक हो उठा और अस्पताल प्रबंधन पर जमकर नाराजगी जाहिर की।
घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। काफी देर तक समझाइश के बाद मामला शांत हुआ और परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। हालांकि, परिजनों ने अभी तक अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
इस संबंध में सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी एसआई राजेश तिवारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। पीड़ित परिवार की संवेदनशीलता को देखते हुए उनकी पहचान गोपनीय रखी गई है।
यह घटना अस्पताल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही को उजागर करती है और स्वास्थ्य सेवाओं में जिम्मेदारी व मानकों के पालन पर सवाल खड़े करती है।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

