एमसीबी : भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी के चलते 29 अक्टूबर को सभी स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित

WhatsApp Channel Join Now

विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर एक दिवसीय अवकाश, शिक्षक एवं आंगनबाड़ी कर्मचारी रहेंगे ड्यूटी पर

एमसीबी, 28 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य में भारी वर्षा एवं तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 29 अक्टूबर काे जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।

छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, अटल नगर से प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 अक्टूबर को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भारी वर्षा एवं तेज हवाओं का प्रभाव रहने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से विद्यार्थियों को होने वाली संभावित परेशानियों एवं जोखिम को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा एहतियातन यह निर्णय लिया गया है। जारी आदेश के अनुसार जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ-साथ सभी शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक शालाओं, माध्यमिक शालाओं, हाई स्कूलों एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में गुरुवार को शैक्षणिक गतिविधियों के लिए अवकाश रहेगा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उक्त एक दिवसीय अवकाश केवल विद्यार्थियों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों के लिए लागू होगा। यह अवकाश शिक्षकों, आंगनबाड़ी सुपरवाइजरों, कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के लिए लागू नहीं होगा। संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करेंगे। जिला प्रशासन द्वारा यह निर्णय मौसम की चेतावनी के मद्देनजर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा संभावित अप्रिय परिस्थितियों से बचाव के उद्देश्य से लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768087 Articles

Share this story