कोरबा के बाजारों में होली की रौनक, रंग-गुलाल और पिचकारियों से सजी दुकानें

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा के बाजारों में होली की रौनक, रंग-गुलाल और पिचकारियों से सजी दुकानें


कोरबा के बाजारों में होली की रौनक, रंग-गुलाल और पिचकारियों से सजी दुकानें


कोरबा के बाजारों में होली की रौनक, रंग-गुलाल और पिचकारियों से सजी दुकानें


कोरबा, 02 मार्च (हि.स.)। होली का त्योहार नजदीक आते ही शहर के बाजार पूरी तरह रंगों में रंग गए हैं। हर तरफ गुलाल की खुशबू, रंग-बिरंगी पिचकारियां और सजावटी सामान लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। बाजारों में बढ़ती भीड़ और खरीदारी का उत्साह यह संकेत दे रहा है कि होली की तैयारियां अब पूरे शबाब पर हैं।

शहर के प्रमुख बाजारों में दुकानदारों ने अलग-अलग रंगों के गुलाल के ढेर सजा रखे हैं। लाल, गुलाबी, हरा, पीला और नीला जैसे चमकीले रंग ग्राहकों को अपनी ओर खींच रहे हैं। कई दुकानों पर आकर्षक पैकिंग में हर्बल गुलाल भी उपलब्ध है। दुकानदार ग्राहकों की प्रतीक्षा में सजे स्टॉल के साथ बैठे नजर आ रहे हैं, जबकि खरीदारी के लिए पहुंच रहे लोग त्योहार की तैयारियों में जुटे हैं।

बच्चों और युवाओं के लिए इस बार बाजार में कई तरह की नई डिजाइन की पिचकारियां आई हैं। कार्टून कैरेक्टर, टैंक डिजाइन और बड़ी पानी वाली गन जैसी पिचकारियां बच्चों को खास आकर्षित कर रही हैं। इसके अलावा रंगीन गुब्बारे, मुखौटे और अन्य होली सामग्री भी खूब बिक रही है।

व्यापारी बिरजूबाला का कहना है कि इस वर्ष लोगों में होली को लेकर उत्साह तो है, लेकिन तिथि को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है, जिससे व्यापार पर कुछ असर पड़ा है। इसके अलावा होली के समय बच्चों की परीक्षाएं भी चल रही हैं, जिससे अभिभावक और छात्र दोनों ही थोड़े संयमित नजर आ रहे हैं। बच्चों पर पढ़ाई का दबाव होने के कारण वे खुलकर होली नहीं मना पा रहे हैं।

इसके बावजूद बाजारों में रंग-गुलाल और होली से संबंधित अन्य वस्तुओं की खरीदारी के लिए लोग उमड़ रहे हैं। शहरवासियों का कहना है कि होली मस्ती और उल्लास का त्योहार है और वे इस बार भी इसे पूरे उत्साह और आनंद के साथ मनाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story