होली पर्व : समीक्षा बैठक में गुंडा-बदमाशों पर कड़ी निगरानी के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
होली पर्व : समीक्षा बैठक में गुंडा-बदमाशों पर कड़ी निगरानी के निर्देश


एसपी ने उच्चस्तरीय बैठक ली, गुंडा-बदमाशों पर कड़ी निगरानी रखने निर्देश दिए

धमतरी, 28 फ़रवरी (हि.स.)। होली पर्व से पहले जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। एसपी सूरज सिंह परिहार ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक लेकर स्पष्ट किया कि त्योहार हर हाल में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में ही संपन्न होगा। बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों की विशेष निगरानी, असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई और व्यापक सुरक्षा रणनीति पर विस्तृत मंथन कर ठोस कार्ययोजना तैयार की गई। इसके साथ ही पिछले पांच साल में होली पर्व के दौरान घटित घटनाओं का विश्लेषण कर विशेष सुरक्षा रणनीति बनाई।

होली पर्व के मद्देनजर जिले में कानून व्यवस्था दुरुस्त करने एसपी सूरज सिंह परिहार ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, यातायात प्रबंधन, सोशल मीडिया मानिटरिंग एवं असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण को लेकर गहन समीक्षा की गई। विगत पांच वर्षों में होली के दौरान घटित घटनाओं का विश्लेषण कर इस वर्ष के लिए अग्रिम एवं ठोस कार्ययोजना बनाई गई। आबकारी अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए एसपी ने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ सघन विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। खुले स्थानों पर शराब पीने - पिलाने वालों और सुविधा उपलब्ध कराने वालों पर भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। होटल, ढाबा और लाज की नियमित जांच के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त चाकूबाजी, तलवारबाजी एवं अन्य हथियारों से संबंधित पंजीबद्ध प्रकरणों की समीक्षा कर ऐसे तत्वों को चिन्हांकित करते हुए उनके विरुद्ध सख्त प्रतिबंधात्मक एवं निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।

होली के दौरान हुड़दंग, मारपीट, जबरन रंग लगाने, नशे में वाहन चलाने, दोपहिया में तीन सवारी और स्टंटबाजी करने वालों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार पांडे, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी, एसडीओपी कुरुद रागिनी मिश्रा, डीएसपी यातायात मोनिका मरावी, डीएसपी मुख्यालय मीना साहू, डीएसपी एसजेपीयू यशकरण दीप ध्रुव, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी, रक्षित निरीक्षक धमतरी सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी, यातायात प्रभारी, साइबर प्रभारी एवं अन्य शाखा प्रभारी उपस्थित थे।

कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें : एसपी परिहार

एसपी सूरज सिंह परिहार ने जिले के आम नागरिकों से अपील की है कि होली का पर्व आपसी भाईचारे, शांति एवं सद्भाव के साथ मनाएं। अफवाहों पर ध्यान न दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। होली पर्व के दौरान संपूर्ण जिले में व्यापक, सुदृढ़ एवं बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है ताकि प्रत्येक नागरिक सुरक्षित एवं निर्भय वातावरण में त्योहार का आनंद ले सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story