विद्यार्थियों के प्रदर्शन के बाद हीरापुर स्कूल के पीटीआई निलंबित, प्रभारी प्राचार्य हटाए गए

WhatsApp Channel Join Now
विद्यार्थियों के प्रदर्शन के बाद हीरापुर स्कूल के पीटीआई निलंबित, प्रभारी प्राचार्य हटाए गए


कोंडागांव, 09 सितंबर (हि.स.)। कोंडागांव जिले के माकड़ी विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हीरापुर में विद्यार्थियों के प्रदर्शन और स्कूल की शैक्षणिक व प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर खबर सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए स्कूल में पदस्थ पीटीआई व्यायाम शिक्षक निर्मल कुमार को आज निलंबित कर दिया है। वहीं प्रभारी प्राचार्य कुंभज ऋषि भोयर को पद की जिम्मेदारी से हटा दिया गया है। उनकी जगह एक अन्य व्याख्याता को प्रभारी प्राचार्य बनाया गया है।

मामले में माकड़ी विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने जिला शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा था। प्रस्ताव में स्कूल की शैक्षणिक, प्रशासनिक और अनुशासन व्यवस्था को लेकर स्थिति का उल्लेख किया गया। पत्र के अनुसार, 8 सितंबर को स्कूल के छात्र-छात्राओं ने कक्षा शिक्षक नहीं होने के विरोध में सड़क पर धरना दिया और नारेबाजी की थी। छात्रों के प्रदर्शन के बाद स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर विभागीय स्तर पर जांच की गई।

विभागीय पत्र में कहा गया कि प्रभारी प्राचार्य को अपने विषय की नियमित पढ़ाई के साथ स्कूल में शिक्षकों के अध्यापन, विद्यार्थियों की उपस्थिति, अनुशासन और संस्था के समुचित संचालन की निगरानी करनी थी। जांच के दौरान प्रभारी प्राचार्य की ओर से अपने विषय की नियमित पढ़ाई में अपेक्षित रुचि नहीं दिखाए जाने की बात भी सामने आई। इसके बाद उन्हें प्रभारी प्राचार्य की जिम्मेदारी से हटाने का निर्णय लिया गया। वहीं विद्यालय के पीटीआई/व्यायाम शिक्षक निर्मल कुमार के खिलाफ भी विद्यार्थियों ने शिकायत की थी। छात्रों का कहना था कि स्कूल में खेल और शारीरिक गतिविधियां नियमित रूप से नहीं कराई जातीं। छात्रों ने शिक्षक पर शराब पीकर स्कूल आने के आरोप भी लगाए थे। विभागीय कार्रवाई के तहत अब उन्हें निलंबित कर दिया गया है।

कोंडागांव जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान ने कहा कि स्कूलों में विद्यार्थियों की पढ़ाई, अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक माहौल से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों का हित विभाग की प्राथमिकता है और स्कूलों की व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story