टिकरापारा में अवैध चंगाई सभा के विरोध में हिंदू जागरण मंच का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
टिकरापारा में अवैध चंगाई सभा के विरोध में हिंदू जागरण मंच का प्रदर्शन


टिकरापारा में अवैध चंगाई सभा के विरोध में हिंदू जागरण मंच का प्रदर्शन


धमतरी, 29 नवंबर (हि.स.)। शहर के टिकरापारा स्थित एक घर में अवैध चंगाई सभा एवं मतांतरण कराए जाने का आरोप लगाते हुए रविवार को हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी व सदस्यों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मंच ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ, लेकिन तीन दिन में कार्रवाई नहीं होने पर फिर से उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक पुरुषोत्तम निषाद, सह संयोजक चित्रेश साहू और नगर संयोजक अभिषेक साहू ने आरोप लगाया है कि टिकरापारा स्थित एक घर में चंगाई सभा की आड़ में लोगों को प्रलोभन देकर मतांतरण कराया जा रहा है। इस तरह की गतिविधियां धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार का दुरुपयोग हैं। ऐसी शिकायतों के बावजूद प्रशासन की ओर से समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। संबंधित घर में आयोजित सभा की गतिविधियों और उसकी वैधता की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। जांच में नियमों का उल्लंघन सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए। पदाधिकारियों ने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि ऐसी गतिविधियों पर समय रहते रोक लगाए और कानून-व्यवस्था के साथ सामाजिक सौहार्द बनाए रखे।

तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो फिर प्रदर्शन

प्रदर्शन के दौरान एएसपी डी सी पटेल ने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि मामले की जांच पूरी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आगामी रविवार को संबंधित स्थान पर चंगाई सभा आयोजित नहीं होने की बात कही। इस आश्वासन के बाद कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन समाप्त किया। हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने प्रशासन को तीन दिन का समय देते हुए कहा कि इस अवधि में निष्पक्ष जांच पूरी कर कार्रवाई की जाए। ऐसा नहीं होने पर अगले रविवार को फिर व्यापक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब केवल आश्वासन से बात नहीं बनेगी। प्रशासन को कार्रवाई के माध्यम से अपनी गंभीरता साबित करनी होगी। इस दौरान हिंदू जागरण मंच के शुभम केसरवानी, प्रतीक सोनी, सत्यम सिन्हा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

एएसपी, डीएसपी सहित पुलिस बल रहा तैनात

प्रदर्शन के दौरान स्थिति को देखते हुए टिकरापारा क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया था। मौके पर एएसपी डीसी पटेल, डीएसपी भानु प्रताप चंद्राकर और सिटी कोतवाली प्रभारी राजेश जगत सहित पुलिसकर्मी मौजूद थे। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक स्वतंत्रता के साथ सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी जरूरी है। मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और किसी भी प्रकार का कानून उल्लंघन पाए जाने पर बिना भेदभाव कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रशासन की ओर से उठाए गए कदमों के आधार पर ही मंच आगे की रणनीति तय करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785495 Articles

Share this story