मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा जशपुर
-हिमालय की ऊंची चोटी पर बनाया 'विष्णु देव रूट'
रायपुर, 21 नवंबर (हि.स.)।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले के पांच आदिवासी युवाओं का अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था प्रोफेशनल क्लाइंबिंग गाइड्स इंस्टीट्यूट के अंतरराष्ट्रीय रॉक क्लाइंबिंग गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है। यह उपलब्धि जशपुर जिले को साहसिक पर्यटन के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
प्रशिक्षण के लिए चयनित युवाओं में तेजल भगत, रुसनाथ भगत, सचिन कुजूर, प्रतीक नायक और रवि सिंह शामिल हैं। इन युवाओं को दिसंबर माह में बेंगलुरु में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में रॉक क्लाइंबिंग की आधुनिक तकनीकों, सुरक्षा मानकों और पेशेवर गाइडिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण भारत के प्रमुख रॉक क्लाइंबिंग आयोजनों में शामिल आरओएमपी के साथ आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गाइड प्रमाणन की सुविधा उपलब्ध होने के साथ जशपुर यह उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है कि दूरदर्शी प्रशासन और समुदाय की भागीदारी से किस तरह भारत को वैश्विक स्तर पर एक भरोसेमंद साहसिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सकता है। मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों की प्राकृतिक संपदा, स्थानीय प्रतिभाओं और पर्यटन की संभावनाओं को आजीविका के स्थायी अवसरों से जोड़ने की दिशा में कार्य कर रही है। जशपुर के युवाओं का अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के लिए चयन इसी दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में प्रशिक्षित गाइडों की उपलब्धता और सुरक्षा मानकों का पालन अत्यंत महत्वपूर्ण है। रॉक क्लाइंबिंग जैसी गतिविधियों में तकनीकी दक्षता, सुरक्षा उपकरणों की जानकारी और जोखिम प्रबंधन की विशेष आवश्यकता होती है।
जशपुर में साहसिक पर्यटन के विकास और स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित करने की पहल वर्ष 2024 की शुरुआत में तत्कालीन कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के नेतृत्व में प्रारंभ की गई थी। इसका उद्देश्य जिले की प्राकृतिक एवं भौगोलिक विशेषताओं का उपयोग करते हुए स्थानीय आदिवासी युवाओं की प्रतिभा को पहचानना, उन्हें साहसिक खेलों में प्रशिक्षित करना और पर्यटन आधारित आजीविका के अवसर तैयार करना था।
इस पहल को धरातल पर उतारने में छत्तीसगढ़ की माउंटेन गाइडिंग एवं आउटडोर प्रशिक्षण संस्था 'पहाड़ी बकरा एडवेंचर' ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था ने युवाओं को प्रारंभिक स्तर से रॉक क्लाइंबिंग और पर्वतारोहण का प्रशिक्षण प्रदान किया।
जशपुर के इन युवाओं ने वर्ष 2025 में आयोजित ट्राइबल हिमालयन एक्सपीडिशन में अपनी पर्वतारोहण क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। इस अभियान के दौरान जशपुर की टीम ने हिमाचल प्रदेश की पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला में स्थित 5,340 मीटर ऊंचे जगत्सुख-1 शिखर पर एक नया चढ़ाई मार्ग तैयार करते हुए सफलतापूर्वक आरोहण किया।
टीम ने इस नए चढ़ाई मार्ग का नाम मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सम्मान में 'विष्णु देव रूट' रखा। अभियान के दौरान युवाओं ने अल्पाइन शैली में पर्वतारोहण करते हुए साहस, अनुशासन, टीम भावना और तकनीकी कौशल का परिचय दिया। इस अभियान को 15 से अधिक प्रायोजकों का सहयोग प्राप्त हुआ था।इसी क्रम में वर्ष 2026 में जशपुर के युवा पर्वतारोही तेजल भगत को क्लाव की ओर से प्रायोजन प्राप्त हुआ। क्लाव भारत के प्रमुख क्लाइंबिंग आयोजनों में शामिल है और अमेरिका की ग्लोबल क्लाइंबिंग इनिशिएटिव से जुड़ा है। इन उपलब्धियों से जशपुर के युवाओं की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हो रही है।
अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण और प्रमाणन प्राप्त करने के बाद ये युवा पेशेवर गाइड के रूप में अपनी सेवाएं दे सकेंगे। इससे जशपुर आने वाले साहसिक पर्यटकों को प्रशिक्षित स्थानीय गाइडों की सुविधा उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले को साहसिक एवं इको-कल्चरल पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इस पहल की विशेषता स्थानीय जनजातीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी है।
जिला प्रशासन के सहयोग से विकसित आउटडोर एडवेंचर सेक्टर का संचालन स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित आदिवासी युवाओं के स्वामित्व वाले निजी उद्यम के माध्यम से किया जा रहा है। होमस्टे सुविधाओं के विकास, अंतरराष्ट्रीय साहसिक पर्यटन आयोजनों और प्रतिवर्ष अक्टूबर में आयोजित युवा महोत्सव जैसी गतिविधियों के माध्यम से जिले की पर्यटन संभावनाओं को नई दिशा दी जा रही है।
रॉक क्लाइंबिंग के अतिरिक्त मोटरबाइक अभियान, कृषि पर्यटन तथा स्थानीय जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली से जुड़े अनुभवों को भी पर्यटन गतिविधियों में शामिल किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

