कोरबा : तेज रफ्तार ट्रेलर ने दूसरे ट्रेलर को मारी टक्कर, हेल्पर केबिन में फंसा

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा : तेज रफ्तार ट्रेलर ने दूसरे ट्रेलर को मारी टक्कर, हेल्पर केबिन में फंसा


कोरबा,05 जून (हि. स.)। कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को छुरी के समीप एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रेलर ने सामने चल रहे दूसरे ट्रेलर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि पीछे वाले ट्रेलर का हेल्पर केबिन में बुरी तरह फंस गया। पुलिस एवं स्थानीय लोगों की तत्परता से करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों ट्रेलर कोरबा से कटघोरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे चल रहे ट्रेलर के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सामने वाले ट्रेलर को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद एक वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान आरक्षक भुवनेश्वर प्रजापति एवं डायल-112 चालक संगम श्रीवास्तव ने स्थानीय लोगों की मदद से केबिन में फंसे हेल्पर को निकालने का प्रयास किया। स्थिति गंभीर होने के कारण पुलिस ने सूझबूझ का परिचय देते हुए दूसरी गाड़ी की सहायता से क्षतिग्रस्त हिस्से को खींचकर युवक को बाहर निकाला।

करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद हेल्पर को सुरक्षित निकाल लिया गया। घायल को तत्काल डायल-112 वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

दुर्घटना के कारण मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया और दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रेलरों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद लगभग दो घंटे पश्चात यातायात सामान्य हो सका। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story