मुख्य न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने कटघोरा व्यवहार न्यायालय का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
मुख्य न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने कटघोरा व्यवहार न्यायालय का किया निरीक्षण


कोरबा, 29 अगस्त (हि. स.)। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर के मुख्य न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने शनिवार को कोरबा जिले के व्यवहार न्यायालय, कटघोरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न्यायालयीन व्यवस्थाओं, अधोसंरचना और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया तथा न्यायिक कार्यों से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के अवसर पर अधिवक्ता संघ, कटघोरा की ओर से मुख्य न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने विभिन्न समस्याओं और मांगों से उन्हें अवगत कराया। मुख्य न्यायमूर्ति ने अधिवक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनकी ओर से रखी गई मांगों पर विधिवत विचार किए जाने का आश्वासन दिया।

मुख्य न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने कहा कि, अपने पिछले साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल के दौरान न्यायालयीन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ न्यायालयों की अधोसंरचना के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने अधिवक्ताओं से न्याय व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पक्षकारों को समयबद्ध एवं सुगम न्याय दिलाने की दिशा में समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायमूर्ति ने व्यवहार न्यायालय, कटघोरा के न्यायाधीशों के साथ बैठक भी की। बैठक में न्यायालयीन कार्यों, लंबित प्रकरणों और न्यायिक व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। निरीक्षण के दौरान न्यायालय की कार्यप्रणाली और सुविधाओं को लेकर आवश्यक जानकारी भी ली गई।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story