नक्सलवाद के साये में छिपी रही वर्ष में केवल तीन दिन खुलने वाला नाड़पल्ली गुफा

WhatsApp Channel Join Now
नक्सलवाद के साये में छिपी रही वर्ष में केवल तीन दिन खुलने वाला नाड़पल्ली गुफा


बीजापुर, 09 नवंबर (हि.स.)। जिले के उसूर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत गलगम क्षेत्र के घने जंगलों और ऊंची पहाड़ियों के बीच स्थित ऐतिहासिक नाड़पल्ली गुफा वर्ष में केवल तीन दिन के लिए खुलने की एक विशेष परंपरा बताई जाती है। वर्ष में केवल तीन दिनों के लिए, दीपावली पर्व से पहले श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ इसके द्वार खोले जाते हैं। यहां प्राकृतिक चट्टानों के बीच विराजमान भगवान शिव एवं बेढ़म मल्ली के दर्शन के लिए श्रद्धालु दूर-दूर से पहुंचते हैं। इन दिनों आस-पास के गांवों के ग्रामीण और शिवभक्त यहां पहुंचकर भगवान भोलेनाथ एवं बेढ़म मल्ली की विधिवत पूजा-अर्चना करते हैं और परिवार तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।

पिछले करीब चार दशकों तक नक्सल गतिविधियों और असुरक्षा के माहौल के कारण यह पूरा इलाका आम लोगों की पहुंच से लगभग कटा रहा। दुर्गम पहाड़ियां और घने जंगल होने के साथ सुरक्षा संबंधी चुनौतियों ने इस क्षेत्र की धार्मिक एवं प्राकृतिक धरोहरों को भी लोगों की नजरों से दूर रखा। अब क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों का प्रभाव कम होने और सुरक्षा एवं शांति का वातावरण बेहतर होने के साथ स्थानीय लोगों तथा श्रद्धालुओं के लिए इस दिशा में पहुंच आसान हो रही है।

कभी जहां जाना भी चुनौती माना जाता था, वहां आज लोग अपनी आस्था के अनुसार दर्शन के लिए पहुंच पा रहे हैं। यह बदलाव बस्तर में लौटते विश्वास और सामान्य जनजीवन की उम्मीदों को भी दर्शाता है। पर्यटन और शोध की अपार संभावनाएं बीजापुर जिला प्रशासन की आधिकारिक पर्यटन जानकारी में नीलम सरई, नंबी जलप्रपात और सकलनारायण गुफा जैसे प्राकृतिक एवं धार्मिक स्थलों का उल्लेख मिलता है। ऐसे में नाड़पल्ली गुफा भी जिले की धार्मिक और प्राकृतिक विरासत के रूप में पहचान पाने की क्षमता रखती है। लाेगाें ने मांग की है कि इस स्थल का पुरातात्विक सर्वेक्षण कराया जाए, स्थानीय जनश्रुतियों का दस्तावेजीकरण हो और सुरक्षित पहुंच मार्ग, बुनियादी सुविधाओं तथा संरक्षण की दिशा में पहल की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774545 Articles

Share this story