लबेद के आसपास देखा गया नाै हाथियों का दल, ग्रामीणों को जंगल नहीं जाने की सलाह

WhatsApp Channel Join Now
लबेद के आसपास देखा गया नाै हाथियों का दल, ग्रामीणों को जंगल नहीं जाने की सलाह


ड्रोन से रखी जा रही नजर

काेरबा, 17 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के करतला वन मंडल के जंगल में करीब 9 हाथियों का दल घूम रहा है। हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग अलर्ट हो गया है। चचिया और चिकनीपाली के बाद हाथियों का झुंड लबेद के आसपास देखा गया है। विभाग की टीम ड्रोन कैमरे की मदद से हाथियों की लोकेशन पर नजर रख रही है।

हाथियों से ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वन विभाग की टीम गांव-गांव जाकर मुनादी करा रही है। लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को जंगल की ओर नहीं जाने की चेतावनी दी जा रही है। विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथियों के करीब जाने या उन्हें परेशान करने से बचने की अपील की है।

वन विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे शाम के बाद जंगल में न जाएं। खेतों में अकेले न रहें और बच्चों को भी जंगल से दूर रखें। यदि कहीं हाथियों का दल दिखाई दे तो उसके पास जाने या उसे भगाने की कोशिश न करें। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें। वन विभाग ड्रोन कैमरे की मदद से हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रहा है, जिससे उनकी लोकेशन का पता लगाकर संभावित घटनाओं को रोका जा सके। विभाग के अनुसार, फिलहाल स्थिति पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों से सतर्क रहने और वन विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762506 Articles

Share this story