मरवाही वन मंडल क्षेत्र में विचरण कर रहा 62 हाथियाें का दल, किसानाें की चिंता बढ़ी

WhatsApp Channel Join Now

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 02 नवंबर (हि.स.)। मरवाही वन मंडल क्षेत्र में हाथियों की बढ़ती संख्या और उनकी गतिविधियों ने वन विभाग और स्थानीय किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पहले जहां हाथियों के इस दल में करीब 55 सदस्य होने का अनुमान लगाया जा रहा था, वहीं अब ड्रोन कैमरे से की गई सटीक गिनती के बाद 62 हाथियों के मौजूद होने की आधिकारिक पुष्टि हो गई है।

मरवाही वन मंडल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इससे पहले हाथी अलग-अलग दो-तीन छोटे दलों में बंट जाते थे, जिस कारण उनकी सही संख्या का आकलन करना मुश्किल हो रहा था। दल में हाथियों की अनुमानित संख्या लगभग 55 बताई जा रही थी। हाल ही में जब ड्रोन की मदद से एरियल व्यू लिया गया, तो वास्तविक संख्या सामने आई है।

मरवाही वन मंडल के डीएफओ आईएफएस कुमार निशांत ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि ड्रोन से की गई गिनती में हाथियों की कुल संख्या 62 पाई गई है।

एक ही इलाके में 62 हाथियों का एक साथ डेरा डालना क्षेत्र के किसानों के लिए भारी मुसीबत बन गया है। हाथियों का यह बड़ा दल लगातार खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है और उन्हें अपना आहार बना रहा है। किसानों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

वन विभाग और ‘हाथी मित्र दल’ मुस्तैद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग के मैदानी कर्मचारी और स्थानीय हाथी मित्र दल पूरी तरह से मुस्तैद हैं। वह लगातार हाथियों की आवाजाही और गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके और ग्रामीणों को समय रहते सतर्क किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770871 Articles

Share this story