मानसून की आहट के बीच फिर बढ़ी तपिश, लोग हो रहे बेहाल

WhatsApp Channel Join Now
मानसून की आहट के बीच फिर बढ़ी तपिश, लोग हो रहे बेहाल


धमतरी, 21 जून (हि.स.)। मानसून की दस्तक का इंतजार कर रहे लोगों को रविवार को एक बार फिर भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। पिछले कुछ दिनों से मौसम में दिखाई दे रही नरमी अचानक गायब हो गई और तेज धूप के साथ बढ़ी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। शहर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे सड़कों पर निकलने वाले लोग पसीने से तरबतर नजर आए। दोपहर के समय बाजारों और प्रमुख मार्गों पर लोग छांव की तलाश करते दिखाई दिए।

21 जून को ग्रीष्म संक्रांति के कारण वर्ष का सबसे लंबा दिन और सबसे छोटी रात रही। खगोलीय दृष्टि से यह दिन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इस दौरान सूर्य उत्तरी गोलार्ध में अपनी सबसे उत्तरी स्थिति पर दिखाई देता है। इसी वजह से सूर्योदय जल्दी और सूर्यास्त देर से होता है तथा दिन के उजाले की अवधि पूरे वर्ष में सबसे अधिक रहती है। विशेषज्ञों के अनुसार ग्रीष्म संक्रांति के बाद दिन धीरे-धीरे छोटे और रातें लंबी होने लगती हैं। लंबे दिन के कारण सूर्य की किरणें अधिक समय तक धरती पर पड़ती हैं, जिससे तापमान में वृद्धि देखने को मिलती है। हालांकि विभिन्न क्षेत्रों में मानसून की गतिविधियों और बादलों की स्थिति के अनुसार इसका प्रभाव अलग-अलग हो सकता है। संयोगवश 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भी मनाया गया। सुबह के समय बड़ी संख्या में लोगों ने योग, ध्यान और सैर कर दिन की शुरुआत की, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए। पिछले दस दिनों की तुलना में रविवार को तापमान अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग की निगाहें अब मानसून की सक्रियता पर टिकी हैं। बढ़ती गर्मी से राहत के लिए लोगों को अब अच्छी बारिश का इंतजार है। फिलहाल चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story