हृदय जांच शिविर : 53 बच्चों की हुई जांच, 26 बच्चों की होगी सर्जरी

WhatsApp Channel Join Now
हृदय जांच शिविर : 53 बच्चों की हुई जांच, 26 बच्चों की होगी सर्जरी


हृदय जांच शिविर : 53 बच्चों की हुई जांच, 26 बच्चों की होगी सर्जरी


धमतरी, 04 फ़रवरी (हि.स.)। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत जिला अस्पताल धमतरी में बुधवार को विशेष हृदय जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों में जन्मजात हृदय रोगों की समय पर पहचान कर समुचित उपचार सुनिश्चित करना रहा।

शिविर में पूर्व से चिन्हित एवं पात्र बच्चों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विस्तृत जांच की गई। आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी यू.एल. कौशिक के निर्देशन में हुआ, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। शिविर का फोकस जन्मजात दोष, विकासात्मक विलंब, कुपोषण एवं गंभीर बीमारियों की प्रारंभिक पहचान पर रहा, ताकि जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

इस अवसर पर एमएमआई रायपुर की वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. किंजल बक्शी ने विशेष सहयोग प्रदान किया। अत्याधुनिक उपकरणों से बच्चों की ईकोकार्डियोग्राफी जांच कर हृदय रोगों की सटीक पहचान की गई। शिविर के दौरान कुल 53 बच्चों की गहन जांच की गई। इनमें 49 बच्चों में जन्मजात हृदय रोग की पुष्टि हुई। 26 बच्चों को तत्काल सर्जरी की आवश्यकता पाई गई, जबकि 23 बच्चों को नियमित फॉलो-अप एवं आगे के उपचार के लिए चिन्हित किया गया। वहीं चार बच्चे जांच में पूर्णतः सामान्य पाए गए।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि आरबीएसके बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण की एक महत्वपूर्ण योजना है। विशेष शिविरों के माध्यम से गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि चिन्हित बच्चों को उपचार, सर्जरी एवं फॉलो-अप में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। शिविर के सफल आयोजन में जिला स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ एवं आरबीएसके टीम का सराहनीय योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story