बलरामपुर : 72 वर्षीय जमुना प्रसाद को मिला श्रवण यंत्र
सुनने में हो रही थी परेशानी, सहायक उपकरण मिलने से दैनिक जीवन होगा आसान
बलरामपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। समाज कल्याण विभाग की पहल के तहत आज बुधवार काे 72 वर्षीय जमुना प्रसाद को श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया गया। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कलेक्टर कक्ष में उन्हें श्रवण यंत्र सौंपते हुए बेहतर स्वास्थ्य और सुखद जीवन की शुभकामनाएं दीं।
वाड्रफनगर विकासखंड के ग्राम बेबदी निवासी जमुना प्रसाद ने बताया कि बढ़ती उम्र के कारण उन्हें सुनने में काफी कठिनाई हो रही थी। इससे लोगों से बातचीत करने और दैनिक कार्य करने में परेशानी होती थी। श्रवण यंत्र मिलने के बाद अब उन्हें पहले की तुलना में बेहतर सुनाई देगा और रोजमर्रा के कामकाज में भी आसानी होगी।
श्रवण यंत्र मिलने पर उन्होंने जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग के प्रति आभार जताया।
समाज कल्याण विभाग के अनुसार, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने का अभियान लगातार जारी है, ताकि वे अधिक सुविधाजनक और सम्मानजनक जीवन जी सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

