श्रवण यंत्र बना नई जिंदगी की सौगात: 68 वर्षीय परस बाई को फिर सुनाई देने लगी अपनों की आवाज
कोरबा, 22 जुलाई (हि. स.)। कोरबा जिले में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक हितैषी योजनाएं जरूरतमंद लोगों के जीवन में नई उम्मीद जगा रही हैं। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में संचालित इन योजनाओं का लाभ अब जिले के ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी रूप से पहुंच रहा है। इसी कड़ी में बुधवार काे ग्राम चौराभाठा, दोंगामा, नोनबिर्रा निवासी 68 वर्षीय परस बाई को समाज कल्याण विभाग द्वारा निशुल्क श्रवण यंत्र (कान की मशीन) उपलब्ध कराया गया, जिससे वर्षों बाद उन्हें अपने परिवार और आसपास की दुनिया की आवाजें फिर से सुनाई देने लगी हैं।
जानकारी के अनुसार, परस बाई लंबे समय से सुनने की गंभीर समस्या से जूझ रही थीं। कम सुनाई देने के कारण उन्हें परिवार के सदस्यों से बातचीत करने, लोगों की बातें समझने और दैनिक जीवन के सामान्य कार्यों में भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। धीरे-धीरे उनकी सामाजिक सहभागिता भी प्रभावित होने लगी थी।
समस्या से राहत पाने के लिए उन्होंने समाज कल्याण विभाग में श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने हेतु आवेदन किया। विभाग द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें निःशुल्क श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। जैसे ही उन्होंने श्रवण यंत्र का उपयोग किया, वर्षों बाद अपने परिवार के सदस्यों की आवाज स्पष्ट रूप से सुनकर वे भावुक हो उठीं। अपनों की आवाज दोबारा सुन पाने की खुशी उनके चेहरे पर साफ दिखाई दी।
श्रवण यंत्र मिलने के बाद परस बाई का जीवन पूरी तरह बदल गया है। अब वे आत्मविश्वास के साथ लोगों से संवाद कर रही हैं, सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं और पहले की तुलना में अधिक सहज, आत्मनिर्भर एवं खुशहाल जीवन जी रही हैं।
भावुक होकर परस बाई ने कहा कि यह श्रवण यंत्र उनके लिए नई जिंदगी का उपहार है। उन्होंने कहा कि अब वे अपने परिवार और आसपास की दुनिया की आवाजें फिर से सुन पा रही हैं। इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन, कलेक्टर कुणाल दुदावत तथा समाज कल्याण विभाग के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
जिला प्रशासन का कहना है कि समाज कल्याण विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना है। प्रशासन लगातार पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रयासरत है, ताकि जरूरतमंद लोगों का जीवन अधिक सम्मानजनक और सुगम बन सके।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

