‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री के संदेशों को सुना, सांस्कृतिक विरासत पर हुई चर्चा
डीपेंद्र साहू ने कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम में की सहभागिता
धमतरी, 31 मई (हि.स.)। सरदार वल्लभभाई पटेल वार्ड स्थित टिम्बर भवन में भाजपा वरिष्ठ नेता डीपेंद्र साहू ने बूथ अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं के साथ रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण को सुना। कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री द्वारा उठाए गए विभिन्न विषयों पर चर्चा भी की गई।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने बढ़ती गर्मी और बदलते मौसम के बीच नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया। उन्होंने पर्याप्त पानी पीने, पेय पदार्थों का सेवन करने और मौसमी फलों को दैनिक आहार में शामिल करने की अपील करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए बताया कि नीदरलैंड से भारत को चोल साम्राज्य काल से संबंधित प्राचीन ताम्रपत्र प्राप्त हुए हैं। इन दुर्लभ धरोहरों की वापसी को उन्होंने देश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक विरासत का भी उल्लेख किया। मल्हार में छठवीं-सातवीं शताब्दी से संबंधित पांडुलिपियों और पाली भाषा में लिखित ताम्रपत्रों की प्राप्ति को प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रमाण बताया।
इस अवसर पर डीपेंद्र साहू ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों को प्रेरित करने, भारत की उपलब्धियों से परिचित कराने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संदेश देने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। प्रधानमंत्री के विचार समाज के प्रत्येक वर्ग को नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में बूथ अध्यक्ष सुमित त्रिवेदी, राजेश अग्रवाल, हरिभाई पटेल, ललित माणेक, अभिषेक अंबानी, नीलामणी यादव, मनोज साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

