जीवन दीप समिति की बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर, मंत्री बघेल ने दिए जरूरी निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जीवन दीप समिति की बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर, मंत्री बघेल ने दिए जरूरी निर्देश


सूरजपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। सूरजपुर जिला संयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में बुधवार को जीवन दीप समिति की साधारण सभा की बैठक आयोजित की गई। जिले के प्रभारी एवं खाद्य मंत्री दयालदास बघेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, अस्पतालों में जरूरी संसाधन बढ़ाने और व्यवस्थाओं को मजबूत करने को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई।

बैठक की शुरुआत में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जीवन दीप समिति के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। इस पर चर्चा करते हुए अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग और आम लोगों की जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर विचार-विमर्श किया गया।

अस्पताल भवन और परिसर में जरूरी निर्माण एवं मरम्मत कार्य, मरीजों और उनके परिजनों की सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को मजबूत करने के विषय भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहे।

इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन, कार्य अवधि में बढ़ोतरी और अन्य आवश्यकताओं पर भी चर्चा की गई। विभिन्न प्रस्तावों पर विचार के बाद स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए जरूरी प्रस्ताव पारित किए गए।

खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने अधिकारियों को प्रस्तावित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने के लिए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल किया जाना चाहिए।

उन्होंने आवश्यकता के अनुसार योग्य कर्मचारियों को अनुमोदन प्राप्त कर कार्य पर रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति तथा निर्धारित कार्य समय का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

मंत्री बघेल ने शासकीय चिकित्सकों को जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों से निजी प्रैक्टिस से दूर रहने की भी हिदायत दी।

मौसमी बीमारियों को देखते हुए अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरी दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता हर समय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

बैठक में प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणी देवपाल सिंह पैकरा, नगर पालिका परिषद सूरजपुर अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े, मुरली मनोहर सोनी, राजेश्वर तिवारी, अजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र सिंह पाटले, सीएमएचओ डॉ. कपिल पैकरा सहित जीवन दीप समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story