बलरामपुर : सीएमएचओ ने स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध रखने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : सीएमएचओ ने स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध रखने के निर्देश


बलरामपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। बलरामपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से आज बुधवार मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने वाड्रफनगर अस्पताल के सभागार में समीक्षा बैठक ली। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संचारी रोग नियंत्रण तथा अन्य प्राथमिकता वाली स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान लेप्रोसी केस डिटेक्शन कैंपेन (एलसीडीसी) के तहत बलंगी, कोगवार, पंडरी और मुरकोल क्षेत्रों में कुष्ठ रोग स्क्रीनिंग की रफ्तार धीमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए गए। सीएमएचओ ने आगामी आठ दिनों के भीतर पूरे विकासखंड में स्क्रीनिंग अभियान पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की निगरानी, पहली तिमाही में अनिवार्य पंजीयन और समय पर सभी एएनसी जांच सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की नियमित मॉनिटरिंग आवश्यक है।

मौसमी बीमारियों की समीक्षा करते हुए डॉ. सिंह ने मलेरिया, डेंगू और डायरिया की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने बुखार के प्रत्येक मरीज की मलेरिया जांच कराने, विद्यालयों में स्वास्थ्य शिविर लगाने तथा सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा के दौरान पात्र हितग्राहियों के अधिक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा और डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा के तहत गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाकर परिवार नियोजन, स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, हाथ धोने की आदत, ओआरएस और जिंक के उपयोग तथा मौसमी बीमारियों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया गया।

बैठक में डीपीएम, विकासखंड के चिकित्सा अधिकारी, बीपीएम, बीईटीओ, कार्यक्रम प्रबंधक, सुपरवाइजर तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story