स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न संवर्गों की अंतिम वरिष्ठता सूची की जारी, दावा-आपत्ति आमंत्रित
जगदलपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त संचालक द्वारा संभाग के अंतर्गत संचालित स्वास्थ्य संस्थाओं में कार्यरत विभिन्न संवर्गों के कर्मचारियों की एक अप्रैल की स्थिति दर्शाने वाली अंतिम (प्रोविजनल) पदक्रम सूची जारी कर दी गई है। इसके साथ ही विभाग ने संबंधित कर्मचारियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर दावा-आपत्ति आमंत्रित किए हैं। इस संबंध में साेमवार काे संयुक्त संचालक द्वारा बस्तर संभाग के समस्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों तथा सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षकों को विधिवत आदेश प्रेषित किए गए हैं।
जारी आदेश के तहत हेल्थ एजुकेटर पाठ्यक्रम उत्तीर्ण ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (पुरुष) / बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता (पुरुष), नेत्र सहायक अधिकारी प्रशिक्षण उत्तीर्ण ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (महिला/पुरुष), रेडियोग्राफर प्रशिक्षण उत्तीर्ण डार्करूम असिस्टेंट (महिला/पुरुष) तथा लैब टेक्नोलॉजिस्ट पाठ्यक्रम उत्तीर्ण लैब असिस्टेंट (महिला/पुरुष) की अनंतिम वरिष्ठता सूची जारी की गई है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने जिला अंतर्गत संबंधित सेवा संवर्ग में कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी को इस सूची की प्रति अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं।
यदि सूची में दर्ज प्रविष्टियों में कोई त्रुटि पाई जाती है अथवा किसी पात्र कर्मचारी का नाम सूची में शामिल होने से छूट गया है, तो कर्मचारी प्रमाणित दस्तावेजों के साथ सूची प्रकाशन के 15 दिनों के भीतर अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। यह दावा-आपत्ति संबंधित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के माध्यम से ही कार्यालय को प्रेषित करनी होगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर त्रुटि सुधार या छूटे हुए नामों को जोड़ने हेतु आवेदन न आने की स्थिति में अंतिम पदक्रम सूची जारी कर दी जाएगी, जिसके बाद किसी भी प्रकार का दावा मान्य नहीं होगा और सूची में विसंगति रहने पर संबंधित कर्मचारी स्वयं उत्तरदायी होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

