ब्लाॅकस्तरीय शिविर में जांची गई बच्चों की सेहत

WhatsApp Channel Join Now
ब्लाॅकस्तरीय शिविर में जांची गई बच्चों की सेहत


ब्लाॅकस्तरीय शिविर में जांची गई बच्चों की सेहत


ब्लाॅकस्तरीय शिविर में जांची गई बच्चों की सेहत


धमतरी, 21 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के मगरलोड ब्लाॅक में महिला बाल विकास विभाग मगरलोड एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को मगरलोड के रामलीला मैदान में ब्लाॅकस्तरीय बच्चों का विशाल स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पेटेल बाल अस्पताल, रायपुर से पीडियाट्रिशियन डॉ शिवानी, डा मानसी तथा काउंसलर की टीम ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।

परियोजना अधिकारी सुमीत गंडेचा ने बताया कि जनवरी माह की पोषण ट्रैकर रिपोर्ट के अनुसार गंभीर कुपोषित बच्चों सहित अन्य स्वास्थ्य लाभार्थी बच्चों को शिविर में बुलाया गया था। कुल 244 बच्चों ने उपस्थित होकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया। विकासखंड के प्रत्येक ग्राम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं एवं बच्चों के माता-पिता उन्हें लेकर पहुंचे। यह आयोजन विभाग में संचालित मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना अंतर्गत किया गया। क्षेत्रीय आवश्यकता को देखते हुए पीडियाट्रिशियन से स्वास्थ्य जांच आवश्यक समझी गई, जिसके लिए शाह नर्सिंग होम नवापारा के डाॅ. प्रतीक शाह का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।

सुमीत गंडेचा ने बताया कि मगरलोड ब्लाॅक के सिंगपुर और पठार क्षेत्र में कुपोषण की दर अधिक है, जहां विशेष ध्यान देने की जरूरत है। मोबाइल मेडिकल यूनिट की व्यवस्था की गई, जिसमें वयस्कों की भी जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सुदूर क्षेत्रों से बच्चों को लाने के लिए एंबुलेंस और वाहनों की सुविधा उपलब्ध कराई गई। आयुर्वेद विभाग द्वारा उपस्थित बच्चों को स्वर्णप्राशन पिलाया गया तथा दवाइयों का वितरण किया गया। प्रधानमंत्री जन औषधि योजना अंतर्गत निर्मित पोषण पाउडर भी महिला बाल विकास विभाग द्वारा वितरित किया गया।

शिविर में माता-पिता को कुपोषण के कारण, संतुलित आहार, सही वजन एवं पोषण संबंधी जानकारी दी गई। पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) के उद्देश्य से अवगत कराया गया, जिस पर कई अभिभावकों ने एनआरसी भ्रमण कर बच्चों को प्रवेश दिलाने की सहमति दी। यूनिसेफ के जिला समन्वयक दीपक गोजे ने कहा कि एक ही आयोजन में कई उद्देश्यों की पूर्ति की गई। स्थानीय जनपद अध्यक्ष वीरेंद्र साहू के माध्यम से पेटेल्स हॉस्पिटल रायपुर को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की सफलता में बीएमओ शारदा ठाकुर, बीपीएम मनोज पटेल, डाॅ. चक्रधारी, अंजलि धृतलहरे, फार्मासिस्ट संतोष, सुनीता सोनी, नंदा सिंह, लोमस तारम, श्रद्धा गौतम, झामिन बिझेकर, डोमार बिंझेकर, रेखराज, शेष सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story