गणेश पंडालों में शुरू हुआ हवन-पूजन, शुक्रवार को होगा गणेश विसर्जन
धमतरी, 24 सितंबर (हि.स.)। शहर से लेकर गांव में 10 दिनों तक गणपति बप्पा की भक्ति, सेवा और उत्सव में डूबा शहर अब उन्हें भावुक विदाई देने की तैयारी में जुट गया है। गणेश चतुर्थी पर स्थापित गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शुक्रवार को किया जाएगा। इसके पहले गुरुवार को शहर के अनेक गणेश पंडालों और घरों में हवन-पूजन व धार्मिक अनुष्ठानों के साथ गणेशोत्सव की पूर्णाहुति की गई।
श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। कई स्थानों पर भंडारा और प्रसादी वितरण भी किया गया। गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर नगर निगम ने व्यापक तैयारियां की हैं। छोटी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए शीतला तालाब, खेड़िया तालाब, बनिया तालाब और रत्नाबांधा तालाब को चिन्हांकित किया गया है। इन स्थानों पर नगर निगम का अमला तैनात रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेगा, जबकि बड़ी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन रूद्री में किया जाएगा।
वहीं 25 सितंबर शुक्रवार को घड़ी चौक में चलित गणेश झांकी स्पर्धा आयोजित होगी। इस बार स्पर्धा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के बजाय सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। गणेशोत्सव के समापन के बाद पितृपक्ष की शुरुआत होगी, जो 10 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान लोग अपने पूर्वजों को श्रद्धापूर्वक याद कर उनके निमित्त तर्पण, पिंडदान और श्राद्ध कर्म करेंगे। पितृपक्ष पूर्वजों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर माना जाता है। ऐसे में गणपति बप्पा को विदाई देते हुए श्रद्धालुओं के बीच ‘बप्पा अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे गूंजेंगे।
गणेश विसर्जन स्थल रूद्री का निगम ने किया निरीक्षण
गणेशोत्सव के समापन को लेकर नगर निगम द्वारा की जा रही तैयारियों के बीच नगर निगम टीम ने महापौर रामू रोहरा के साथ रुद्री स्थित गणेश विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि गणेश विसर्जन श्रद्धा और आस्था से जुड़ा पर्व है। श्रद्धालुओं को विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूरी व्यवस्था सुरक्षित एवं व्यवस्थित रहे, यह नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य श्यामलाल नेताम, अखिलेश सोनकर, पिंटू यादव, कुलेश सोनी, पार्षद संतोष सोनकर भागवत यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

