हरित कोरबा अभियान को मिली नई रफ्तार, कोसाबाड़ी मुख्य मार्ग पर हुआ सघन वृक्षारोपण
कोरबा, 31 जुलाई (हि. स.)। पर्यावरण संरक्षण और शहर को हराभरा बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा संचालित हरित कोरबा अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत शुक्रवार को कोसाबाड़ी मुख्य मार्ग पर एचपी पेट्रोल पंप से ब्लू बर्ड स्कूल तक सघन वृक्षारोपण किया गया।
इस दौरान नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के नेतृत्व में विभिन्न बैंकों के अधिकारी-कर्मचारियों, स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया।
जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा वन विभाग के सहयोग से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन एवं नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के निर्देशन में इस अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि कोरबा को अधिक हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके। 18 जुलाई को आयोजित रन फॉर ग्रीन मैराथन के साथ इस विशेष अभियान की शुरुआत की गई थी। प्रशासन ने इस अभियान को लगातार 60 दिनों तक चलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अभियान के तहत शहर के प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जा रहा है।
शुक्रवार को आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के साथ उपायुक्त नीरज कौशिक, जोन कमिश्नर भूषण उरांव, उद्यान अधीक्षक आनंद सिंह राठौर सहित महिंद्रा कोटक बैंक के अनुज कुमार श्रीवास और विकास रात्रे, पंजाब नेशनल बैंक के वीरेन्द्र कुमार कंवर, जयप्रकाश साहू, दिनेश देवांगन, आशा अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में बैंक अधिकारी, स्थानीय व्यापारी और नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया। प्रशासन का कहना है कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों को सुरक्षित रखकर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

