16 अक्टूबर को हाई स्कूल मैदान में गूंजेगी शहनाज अख्तर की भक्ति स्वरधारा

WhatsApp Channel Join Now
16 अक्टूबर को हाई स्कूल मैदान में गूंजेगी शहनाज अख्तर की भक्ति स्वरधारा


जांजगीर चांपा, 06 अक्टूबर (हि. स.)। सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हरि लीला ट्रस्ट, बनारी, नैला-जांजगीर अब नवरात्रि के अवसर पर भक्ति और संगीत का भव्य आयोजन करने जा रहा है। ट्रस्ट की ओर से 16 अक्टूबर, शुक्रवार को शाम 7 बजे से हाई स्कूल मैदान, जांजगीर में भक्ति राग जांजगीर—एक शाम माँ के नाम का आयोजन किया जाएगा।

आयोजन में सुप्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियां देंगी। खास बात यह है कि कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।

जांजगीर-नैला की नवरात्रि अपनी भक्तिमय परंपरा और भव्य आयोजनों के लिए जानी जाती है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए हरि लीला ट्रस्ट ने ‘भक्ति राग जांजगीर’ की संकल्पना तैयार की है। आयोजन का उद्देश्य शहर और अंचल के लोगों को एक ऐसे मंच पर एकत्र करना है, जहां संगीत, श्रद्धा और आस्था का संगम हो और पूरा वातावरण मां की भक्ति से सराबोर हो।

हरि लीला ट्रस्ट के अध्यक्ष लीलाधर सुल्तानिया ने कहा कि, जांजगीर-नैला की पहचान नवरात्रि के दौरान होने वाले भक्तिमय आयोजनों से रही है। ‘भक्ति राग जांजगीर’ इसी परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित आयोजन में पहुंचकर मां की भक्ति में सहभागी बनने की अपील की।

वहीं हरि लीला ट्रस्ट के सचिव अमर सुल्तानिया ने कहा कि ‘भक्ति राग जांजगीर’ को केवल एक सांस्कृतिक या संगीत कार्यक्रम के रूप में नहीं, बल्कि आस्था, भक्ति, संगीत और सामाजिक सहभागिता के उत्सव के रूप में तैयार किया गया है। उनका कहना है कि नवरात्रि के दौरान जांजगीर-नैला सहित पूरा अंचल भक्तिमय हो जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story