जांजगीर में निकली हर घर तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर में निकली हर घर तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर


जांजगीर में निकली हर घर तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर


जांजगीर-चांपा, 14 अगस्त (हि. स.)। हर घर तिरंगा अभियान एवं भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला मुख्यालय जांजगीर में भव्य हर घर तिरंगा यात्रा निकाली गई। शहीद स्मारक, कचहरी चौक से शुरू हुई यह यात्रा पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जांजगीर तक पहुंची। यात्रा में सांसद कमलेश जांगड़े सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, स्कूली विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति के नारे गूंजते रहे। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए विद्यार्थियों और नागरिकों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा के माध्यम से लोगों से अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्र के गौरव एवं एकता के प्रति समर्पित रहने की अपील की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत कचहरी चौक स्थित शहीद स्मारक पर देश के अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुई। भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान पीड़ा झेलने वाले और अपने प्राणों का बलिदान देने वाले नागरिकों को भी श्रद्धापूर्वक स्मरण कर श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम में सांसद कमलेश जांगड़े ने तिरंगा प्रतिज्ञा एवं राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने उपस्थित लोगों से राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा करने तथा देशहित में सदैव योगदान देने का संकल्प कराया। इस अवसर पर नई पीढ़ी को भारत विभाजन की त्रासदी से सीख लेते हुए आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य देशवासियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने के साथ स्वतंत्रता संग्राम और विभाजन के दौरान बलिदान देने वाले लोगों के योगदान को स्मरण करना रहा।

हर घर तिरंगा यात्रा में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अम्बेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवागढ़ेवाल, उपाध्यक्ष मोहन यादव, नंदिनी राजवाड़े, अमर सुल्तानिया, इंजी. रवि पांडेय, आनंद मिरी, आशुतोष गोस्वामी, हितेश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसके अलावा जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान सहित अधिकारी-कर्मचारी, पार्षदगण, स्कूली विद्यार्थी, खिलाड़ी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिकों ने तिरंगा यात्रा में सहभागिता की।

जांजगीर में आयोजित इस तिरंगा यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर में देशभक्ति का माहौल बनाया और नागरिकों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story