हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला पंचायत अध्यक्ष ने दिलाई तिरंगा प्रतिज्ञा

WhatsApp Channel Join Now
हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला पंचायत अध्यक्ष ने दिलाई तिरंगा प्रतिज्ञा


जांजगीर-चांपा, 11 अगस्त (हि. स.)। हर घर तिरंगा अभियान एवं वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिला पंचायत जांजगीर-चांपा में आज मंगलवार को तिरंगा प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने अधिकारियों-कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति प्रतिबद्धता की तिरंगा प्रतिज्ञा दिलाई। कार्यक्रम में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन भी किया गया।

जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर है। वर्ष 2047 तक सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना ही सच्ची देशभक्ति है। उन्होंने स्वच्छता, जल संरक्षण, वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करने तथा हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य प्रमिला साहू, उर्मिला यादव, प्रभारी उप संचालक पंचायत बरन सिंह मंडावी, वरिष्ठ लेखा अधिकारी रूपेश पाठक सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिले में 7 से 17 अगस्त तक तिरंगा अभियान के तहत विभिन्न देशभक्ति एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम के मार्गदर्शन में विभिन्न ग्राम पंचायतों में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। इनमें जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण सहभागिता हो रही है। विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, शासकीय कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर भी राष्ट्रभक्ति से जुड़ी गतिविधियां आयोजित कर नागरिकों को घर-घर तिरंगा फहराने और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना के साथ अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story