हर घर तिरंगा अभियान की धूम, बिहान समूह की महिलाओं ने फहराया तिरंगा

WhatsApp Channel Join Now
हर घर तिरंगा अभियान की धूम, बिहान समूह की महिलाओं ने फहराया तिरंगा


वंदे मातरम के नारों से गुंजायमान हुआ जशपुर जिले के ग्रामीण अंचल

रायपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। हर घर तिरंगा अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की एक अद्भुत लहर देखने को मिल रही है। जिले के ग्रामीण अंचल में राष्ट्रीय एकता का संदेश फैलाने की कमान बिहान स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने संभाली है। महिलाओं ने अपने-अपने क्लस्टर और ग्राम पंचायतों में पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराकर इस अभियान की शानदार शुरुआत की।

अभियान के पहले चरण में जशपुर जिले के सभी 8 विकासखंडों के 32 क्लस्टरों की महिलाओं ने एकजुट होकर सहभागिता दर्ज की। इस दौरान महिलाओं ने सामूहिक रूप से “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारे लगाए, जिससे पूरा ग्रामीण परिवेश देशभक्ति के रंग में रंग गया। जशपुर विकासखंड के घोलेंग क्लस्टर, कुनकुरी विकासखंड के नारायणपुर एवं बंदरचुआ क्लस्टर, मनोरा विकासखंड के आस्था एवं सोनकियारी क्लस्टर, अन्य विकासखंड पत्थलगांव, दुलदुला, बगीचा एवं फरसाबहार के सभी क्लस्टरों की महिलाएं हर घर तिरंगा अभियान में शामिल हुई।

जशपुर जिले में यह हर घर तिरंगा अभियान 9 अगस्त से 17 अगस्त तक व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान बिहान स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं तिरंगा लहराने के साथ-साथ देशभक्ति गीतों और राष्ट्रगीत के माध्यम से ग्रामीणों में राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना जागृत कर रही हैं।

ग्रामीण महिलाओं की यह अभूतपूर्व भागीदारी न केवल अभियान को जन-जन तक पहुंचा रही है, बल्कि राष्ट्र निर्माण और सामाजिक सहभागिता में नारी शक्ति की सक्रिय भूमिका को भी रेखांकित कर रही है। ग्रामीण इलाकों में महिलाओं की यह सामूहिक उपस्थिति हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा के संकल्प को पूरी तरह साकार कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Share this story