हनुमंत कथा में पहुंचे उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने लिया धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का आशीर्वाद

WhatsApp Channel Join Now
हनुमंत कथा में पहुंचे उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने लिया धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का आशीर्वाद


कोरबा, 30 मार्च (हि. स.)। जिले के ग्राम ढपढप, बांकीमोंगरा में आयोजित हनुमंत कथा में आज सोमवार को उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सपरिवार शामिल हुए। इस दौरान दोनों नेताओं ने कथा स्थल पर पहुंचकर बागेश्वर धाम सरकार के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति देखने को मिली। भक्ति और आस्था के इस आयोजन में जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिससे पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक माहौल में सराबोर नजर आया।

इस अवसर पर लखन लाल देवांगन ने कहा कि ढपढप में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ सनातन संस्कृति की अटूट शक्ति और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने बजरंगबली से प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मबल और सेवा भाव को मजबूत करते हैं।

किरण सिंह देव ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि हनुमंत कथा जैसे आयोजन समाज में सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और जागरूकता का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इससे लोगों में आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक एकता को बल मिलता है।

कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, पूर्व जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पार्षद अशोक चावलानी, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष वैभव शर्मा, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की जिला संयोजिका अंजना सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

आयोजकों द्वारा कथा के सफल संचालन के लिए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story