अर्धवार्षिक परीक्षा नजदीक, बोर्ड कक्षाओं का कोर्स अब भी अधूरा
धमतरी, 11 नवंबर (हि.स.)। सरकारी स्कूलों में एक दिसंबर से अर्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू होंगी, लेकिन बोर्ड कक्षाओं का पाठ्यक्रम अब तक पूरा नहीं हो पाया है। स्कूलों में 70 से 80 प्रतिशत ही कोर्स पूरा हुआ है। शिक्षा विभाग ने 30 नवंबर तक पाठ्यक्रम पूरा करने का लक्ष्य रखा है। ऐसे में बचे हुए कोर्स को पूरा कराना और विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए समय देना चुनौती बन गया है। जनवरी में प्री-बोर्ड परीक्षा भी होनी है।
जिले के लगभग 1400 सरकारी स्कूलों में पहली से 12 वीं तक के लगभग एक लाख विद्यार्थी अर्धवार्षिक परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा एक से 11 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी। वर्तमान शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए लोक शिक्षण संचालनालय ने तिमाही और अर्धवार्षिक परीक्षा की समय-सारणी एक साथ जारी की थी। इसके तहत तिमाही परीक्षा 21 से 30 सितंबर तक हुई थी। अर्धवार्षिक परीक्षा का कार्यक्रम पहले से तय होने के बावजूद बोर्ड कक्षाओं का पाठ्यक्रम पूरा नहीं हो पाना शिक्षा विभाग की तैयारी पर सवाल खड़े कर रहा है। शिक्षा विभाग ने सभी शासकीय हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों को 30 नवंबर तक हर हाल में पाठ्यक्रम पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। स्कूलों में अब तक करीब 70 से 80 प्रतिशत कोर्स ही पूरा हो पाया है। त्योहारों और सरकारी छुट्टियों को छोड़ दें तो शिक्षकों के पास शेष पाठ्यक्रम पूरा कराने के लिए लगभग 15 दिन ही बचते हैं। ऐसे में निर्धारित समय में पूरा कोर्स पढ़ाना आसान नहीं होगा। शिक्षकों को नियमित पढ़ाई के साथ पाठ्यक्रम पूरा कराने की जिम्मेदारी निभानी होगी। वहीं विद्यार्थियों के सामने भी कम समय में नए पाठों को समझने और परीक्षा की तैयारी करने की चुनौती रहेगी।पहली से पांचवीं तक सुबह 10 से दोपहर 12:30 बजे और छठवीं से आठवीं तक सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक परीक्षा होगी। एक दिसंबर को हिंदी, दो दिसंबर को गणित की परीक्षा होगी। तीन दिसंबर को पहली से पांचवीं तक अंग्रेजी और छठवीं से आठवीं तक विज्ञान का पेपर होगा। चार दिसंबर को तीसरी से पांचवीं तक पर्यावरण और छठवीं से आठवीं तक अंग्रेजी की परीक्षा होगी। पांच दिसंबर को सामाजिक विज्ञान और सात दिसंबर को संस्कृत का पेपर होगा। वहीं हाई और हायर सेकेंडरी कक्षाओं की परीक्षा दोपहर एक से शाम चार बजे तक होगी। एक दिसंबर को नौवीं और 11 वीं की हिंदी, 10 वीं की गणित तथा 12 वीं की अंग्रेजी की परीक्षा होगी। अन्य विषयों की परीक्षा निर्धारित समय-सारणी के अनुसार आयोजित की जाएगी। सहायक संचालक यदुनंदन वर्मा ने बताया कि सभी शासकीय हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों को 30 नवंबर तक पाठ्यक्रम पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। अब तक करीब 80 प्रतिशत कोर्स पूरा हो चुका है। विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए प्रश्न बैंक उपलब्ध कराया जा रहा है। इसमें पिछले पांच से सात वर्षों के बोर्ड परीक्षा के प्रश्न और उनके मॉडल उत्तर शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

