हज यात्रा हुई आसान, बढ़े अवसर: रामू रोहरा

WhatsApp Channel Join Now
हज यात्रा हुई आसान, बढ़े अवसर: रामू रोहरा


धमतरी में हज यात्रियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न, यात्रा की बारीकियों से कराया गया अवगत

धमतरी, 07 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ हज कमेटी के तत्वावधान में मंगलवार को शहर के जैनब पैलेस में धमतरी एवं कांकेर जिले के हज यात्रियों के लिए विस्तृत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर रामू रोहरा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामू रोहरा ने हज यात्रा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पहले सीमित कोटा के कारण यात्रियों का चयन लॉटरी प्रणाली से होता था, जिससे लोगों को वर्षों तक इंतजार करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हज प्रक्रिया अब अधिक पारदर्शी, सरल और सुगम हुई है, जिससे अधिक से अधिक लोगों को यात्रा का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष छत्तीसगढ़ से 800 से अधिक हज यात्री पवित्र यात्रा पर रवाना होंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए राज्य सरकार और छत्तीसगढ़ राज्य हज समिति द्वारा प्रशिक्षण, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, पासपोर्ट-वीजा सहायता सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेषज्ञों और अनुभवी प्रशिक्षकों ने हज यात्रा की संपूर्ण प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। इसमें इहराम बांधने की विधि, मक्का और मदीना में किए जाने वाले धार्मिक अनुष्ठान, यात्रा के दौरान सावधानियां, स्वास्थ्य संबंधी सुझाव और आपात स्थिति से निपटने के उपाय शामिल रहे।

यात्रियों को समूह में रहने, समय का पालन करने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की विशेष सलाह दी गई। महापौर ने कहा कि हज यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मिक शुद्धि, अनुशासन, धैर्य और मानवता की सेवा का संदेश देने का अवसर है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान भारतीय संस्कृति, भाईचारे और सौहार्द का परिचय दें।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हज यात्री और उनके परिजन उपस्थित रहे। सभी ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान यात्रियों को आवश्यक सामग्री और मार्गदर्शिका भी वितरित की गई, ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित, सुगम और सफल हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story