जांजगीर चांपा : जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाला आदतन बदमाश गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 27 फरवरी (हि. स.)। थाना मुलमुला क्षेत्र के आदतन गुंडा बदमाश गोरी उर्फ रोहित कुमार बर्मन (40 वर्ष), निवासी ग्राम कोसा, को जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर आज शुक्रवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपित के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जानकारी के अनुसार, जिला दंडाधिकारी जांजगीर-चांपा द्वारा 11 नवंबर 2025 को आरोपित को एक वर्ष की अवधि के लिए जांजगीर-चांपा जिले सहित समीपवर्ती जिलों—शक्ति, रायगढ़, सारंगढ़, बिलासपुर और बलौदा बाजार—की राजस्व सीमाओं से जिला बदर किया गया था। इसके बावजूद आरोपित बिना वैध अनुमति के अपने गृह ग्राम कोसा में छिपकर रह रहा था और ग्रामीणों को डरा-धमका रहा था।
मामले की सूचना मिलने पर मुलमुला पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपित फरार हो गया था, जिसकी लगातार तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपित को पकड़ लिया और विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

