रिश्वतखोरी मामले में गिरफ्तार जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर निलंबित

WhatsApp Channel Join Now

रायपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा में रिश्वतखोरी मामले में गिरफ्तार जीएसटी असिस्टेंट कमिश्नर आंचल गिरी काे निलंबित कर दिया गया है। आंचल गिरी पर कबाड़ी कारोबारी से गाड़ी छोड़ने के एवज में डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत पर एसीबी की टीम ने शनिवार को उसे रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। अब छत्तीसगढ़ राज्य कर आयुक्त ने आज रविवार काे निलंबन कार्रवाई के संबंध में आदेश जारी किया है।

आदेश के अनुसार आंचल गिरी द्वारा ड्यूटी के दौरान रिश्वत की मांग करने को विभाग ने गंभीर लापरवाही माना है। साथ ही छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 का पालन नहीं किया गया। मामले में उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय राज्य कर संयुक्त आयुक्त, जगदलपुर संभाग रहेगा। इसके अलावा जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता भी रहेगी।

दरअसल, एसीबी में कबाड़ी कारोबारी मोहम्मद शौएब रंगरेज ने शिकायत दी थी, जिसमें बताया गया कि 18 नवंबर को उनकी गाड़ी स्क्रैप लेकर जा रही थी। बिल होने के बावजूद गाड़ी को रोक लिया गया। उनका आरोप है कि अंचला गिरी जीएसटी में अधिकृत नहीं थीं, इसके बावजूद उन्होंने गाड़ी रुकवाई और 10 लाख रुपये की पेनाल्टी मांगी, जबकि गाड़ी में लोड माल की कीमत सिर्फ तीन लाख रुपये थी। व्यापारी के अनुसार, जीएसटी अधिकारी ने गाड़ी जब्त करने और कार्रवाई करने की धमकी दी। मामला सेटल करने के लिए पहले 2 लाख रुपये मांगे गए, फिर डेढ़ लाख रुपये देने की बात हुई। इसमें से 50 हजार रुपये पेनाल्टी के तौर पर काटने और बाकी रकम घर पहुंचकर देने की बात तय हुई।

एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर रिश्वत की रकम लेते हुए अधिकारी को पकड़ लिया। रायपुर और जगदलपुर की संयुक्त टीम इस पूरी कार्रवाई में शामिल रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781454 Articles

Share this story