बढ़ते प्रभाव और आर्थिक तरक्की से जलन बनी हत्या की वजह, करही गोलीकांड का खुलासा
जांजगीर-चांपा पुलिस के “ऑपरेशन हंट” में बड़ी सफलता, अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी
जांजगीर-चांपा, 23 मई (हि. स.)। जिले के बम्हनीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करही में 23-24 अप्रैल की दरमियानी रात हुए सनसनीखेज गोलीकांड का खुलासा आज शनिवार काे जांजगीर चांपा पुलिस ने लगभग एक माह बाद कर दिया है। जांजगीर-चांपा पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपिताें को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मामले का खुलासा बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक आरजी गर्ग ने पत्रकारवार्ता के दौरान किया।
पुलिस के अनुसार यह हत्या किसी पुरानी रंजिश नहीं बल्कि मृतक के बढ़ते प्रभाव, आर्थिक प्रगति और व्यवसायिक प्रतिस्पर्धा से उपजी जलन एवं द्वेष की भावना के चलते सुनियोजित तरीके से की गई थी। आरोपिताें को मृतक की लगातार बढ़ती सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति रास नहीं आ रही थी, जिसके कारण उन्होंने साजिश रचकर इस वारदात को अंजाम दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और लगातार पूछताछ के आधार पर आरोपिताें तक पहुंच बनाई। “ऑपरेशन हंट” के तहत चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके बाद तीनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद आरोपिताें ने खुद को बचाने के लिए कई स्तर पर सबूत मिटाने और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन टीम की सतर्कता और लगातार जांच के चलते पूरे मामले का पर्दाफाश हो गया।
फिलहाल पुलिस आरोपिताें से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

