सरस्वती शिशु मंदिर बागबाहरा में स्मृति भवन एवं शिशु वाटिका का भूमि पूजन

WhatsApp Channel Join Now
सरस्वती शिशु मंदिर बागबाहरा में स्मृति भवन एवं शिशु वाटिका का भूमि पूजन


सरस्वती शिशु मंदिर बागबाहरा में स्मृति भवन एवं शिशु वाटिका का भूमि पूजन


वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने स्मृति भवन निर्माण के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की

महासमुंद, 04 नवंबर (हि.स.)। जिले के बागबाहरा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्मृति भवन एवं शिशु वाटिका का भूमि पूजन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने स्मृति भवन निर्माण के लिए अपनी ओर से 5 लाख रुपये देने की घोषणा की।

विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी ने सांसद निधि से 10 लाख रुपये का सहयोग दिया है। इस कक्ष का भूमि पूजन भी चौधरी ने किया। स्मृति भवन निर्माण के लिए पूर्व छात्र अब तक 32 लाख रुपये का सहयोग दे चुके हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चौधरी ने विद्यार्थियों और युवाओं से जीवन में स्पष्ट लक्ष्य तय कर उसके लिए दृढ़ संकल्प एवं निरंतर परिश्रम करने का आह्वान किया। उन्होंने अपने छात्र जीवन से लेकर भारतीय प्रशासनिक सेवा तक के सफर के अनुभव साझा किए। श्री चौधरी ने बताया कि उन्होंने 11 वर्ष की आयु में आईएएस अधिकारी बनने का लक्ष्य निर्धारित किया था और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद मेहनत एवं संकल्प से उसे हासिल किया।

विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि बदलते समय में शैक्षणिक विषयों के साथ जीवन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की समझ भी आवश्यक है। उन्होंने भविष्य में आने वाली परिस्थितियों और चुनौतियों का सामना करने तथा समस्याओं के समाधान खोजने के बारे में अपने विचार साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को धैर्य, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772542 Articles

Share this story