पोस्ट ऑफिस वार्ड में होंगे लाखों के विकास कार्य
धमतरी, 11 मई (हि.स.)। नगर पालिक निगम धमतरी अंतर्गत पोस्ट ऑफिस वार्ड में जनहित एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों का सोमवार को भूमिपूजन समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वार्डवासियों की उपस्थिति रही।
इस दौरान मरादेव मंदिर मरम्मत एवं सुंदरीकरण कार्य, जिसकी लागत 2.80 लाख रुपये है तथा गिरधर पटेल के घर से सोनकर फार्म हाउस तक सीसी रोड निर्माण कार्य, जिसकी लागत 4.55 लाख रुपये है, का विधिवत भूमिपूजन किया गया। भूमि पूजन के साथ ही क्षेत्रवासियों में विकास कार्यों को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर रामू रोहरा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सभापति कौशिल्या देवांगन ने की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में विजय मोटवानी और वार्ड पार्षद चंद्रभागा साहू मौजूद रहीं। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य, पार्षदगण एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। महापौर रामू रोहरा ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम द्वारा सड़क, नाली, स्वच्छता, पेयजल और धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों को प्राथमिकता देते हुए शहर के प्रत्येक वार्ड में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पोस्ट ऑफिस वार्ड में शुरू होने वाले ये कार्य क्षेत्रवासियों के लिए सुविधाजनक साबित होंगे और आने वाले समय में वार्ड का स्वरूप और बेहतर होगा। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाना है।
सभापति कौशिल्या देवांगन ने कहा कि, वार्डवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। मरादेव मंदिर के सुंदरीकरण से क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलेगी, वहीं सीसी रोड निर्माण से आवागमन सुगम होगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास की गति को निरंतर आगे बढ़ा रहा है।
कार्यक्रम में विभा चंद्राकर, अज्जू देशलहरे, संतोष सोनकर, शैलेन्द्र रजक, कविंद्र जैन, रोहिताश मिश्रा, गौरव मगर, मुकेश शर्मा, अशोक सिन्हा, नंदू लोधी, सीमा चौबे और चन्द्रहास कहर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वार्डवासी मौजूद रहे। समारोह के दौरान नागरिकों ने विकास कार्यों के लिए नगर निगम और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

