मुजगहन में 8.92 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन

WhatsApp Channel Join Now
मुजगहन में 8.92 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन


शिक्षा और सड़क सुविधा को मिलेंगी मजबूती

धमतरी, 14 मई (हि.स.)। ग्राम पंचायत मुजगहन में गुरुवार को आठ लाख 92 हजार रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों के शुरू होने से गांव में शिक्षा व्यवस्था और आवागमन सुविधाओं को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

भूमिपूजन कार्यक्रम के तहत शासकीय प्राथमिक शाला परिसर में पांच लाख रुपये की लागत से टीन शेड निर्माण, एक लाख 68 हजार रुपये की लागत से शौचालय निर्माण तथा वार्ड क्रमांक-एक में दो लाख 24 हजार रुपये की लागत से दो सीसी रोड निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। इनमें एक सड़क मुख्य मार्ग से कमल नारायण के घर तक तथा दूसरी भीखम साहू के घर से राजेश साहू के घर तक बनाई जाएगी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत धमतरी सदस्य कीर्तन मीनपाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता में शामिल है। स्कूल में टीन शेड और शौचालय निर्माण से बच्चों को बेहतर वातावरण मिलेगा वहीं सीसी रोड बनने से ग्रामीणों की आवागमन समस्या दूर होगी। अध्यक्षता कर रहे सरपंच होमेश्वर साहू ने कहा कि पंचायत को आदर्श और सुविधायुक्त गांव बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिन कार्यों का भूमिपूजन हुआ है, वे ग्रामीणों की लंबे समय से मांग रही थी। जिपं सदस्य धनेश्री साहू ने कहा कि गांवों में बुनियादी सुविधाओं का मजबूत होना जरूरी है। स्कूलों में स्वच्छता और पक्की सड़कें ग्रामीण विकास की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि ये निर्माण कार्य गांव गाव के लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में भाजपा नेता राजकुमार तिवारी, डा रामायण लाल साहू, ग्राम पटेल भुवन लाल साहू, पूर्व सरपंच रामदयाल साहू, अघनूराम साहू, ओमप्रकाश साहू, अघनू गजपाल, नामदेव साहू, शैलेश शर्मा, गोविंद राव, संतोष साहू, खिलेश्वर साहू, मुरली यादव, मुरारी सिन्हा, भूमेश साहू, विनोद साहू, ईश्वर सेन, उपसरपंच जतिन साहू, सचिव दीपक सोनकर सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story