बस्तर में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए उपयुक्त भूमि के चिन्हांकन की कवायद शुरू

WhatsApp Channel Join Now
बस्तर में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए उपयुक्त भूमि के चिन्हांकन की कवायद शुरू


जगदलपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में हवाई सेवाओं के विस्तार और सुदूर अंचलों को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए, विमानन संचालनालय नवा रायपुर द्वारा विभिन्न जिलों में नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के विकास हेतु उपयुक्त स्थलों की तलाश शुरू कर दी गई है। भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय की पहल पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा राज्य की अनुशंसा पर चिन्हित स्थलों का निःशुल्क पूर्व-व्यवहार्यता अध्ययन और ओएलएस सर्वे किया जाएगा, जिसके लिए जिला प्रशासन से संभावित स्थलों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।

शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रशासन को चिन्हित स्थल के ग्राम, तहसील और निकटतम शहर से उसकी दूरी के साथ-साथ कुल उपलब्ध क्षेत्रफल (एकड़/हेक्टेयर) में, खसरा नंबर सहित भू-अभिलेख, स्थल का नक्शा और जीपीएस निर्देशांक उपलब्ध कराने होंगे। इसके अतिरिक्त, रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट करना होगा कि संबंधित भूमि शासकीय, निजी, वन या राजस्व किस प्रकृति की है, और वह किसी भी प्रकार के अतिक्रमण, विवाद या निर्माण से पूरी तरह मुक्त हो। प्रशासन को स्थल की भौगोलिक स्थिति (समतल या ढलान), आसपास ऊँची इमारतों, पहाड़ियों, टावर या हाई-टेंशन विद्युत लाइनों जैसी संभावित बाधाओं के अलावा राष्ट्रीय व राज्य राजमार्ग, रेल, बिजली और पानी की उपलब्धता का भी पूरा ब्यौरा देना होगा।

तकनीकी मानकों के तहत एक आधुनिक ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण के लिए कुल 396 हेक्टेयर (लगभग 979 एकड़) भूमि की आवश्यकता निर्धारित की गई है। इसमें 2400 मीटर लंबे और 45 मीटर चैड़े रनवे के निर्माण के साथ-साथ सुरक्षा मानकों के अनुरूप रनवे की मध्य रेखा के एक ओर 500 मीटर तथा दूसरी ओर 400 मीटर (कुल 900 मीटर चैड़ाई) और रनवे के दोनों सिरों पर न्यूनतम 1000-1000 मीटर खाली भूमि (कुल 4400 मीटर लंबाई) का होना अनिवार्य है। इस सर्वेक्षण प्रक्रिया के पूरा होने के बाद क्षेत्र में आधुनिक एयरपोर्ट के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे आने वाले समय में बस्तर के पर्यटन, व्यापार और औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story