कर्मा जयंती महोत्सव पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा

WhatsApp Channel Join Now
कर्मा जयंती महोत्सव पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा


धमतरी, 15 मार्च (हि.स.)। धमतरी अंचल में साहू समाज द्वारा कर्मा जयंती पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर रविवार को गोकुलपुर कर्मा चौक में मां कर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना कर आरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी प्रसाद का वितरण भी किया गया।

तहसील साहू समाज शहर के तत्वावधान में कर्मा जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा विंध्यवासिनी मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बांसपारा स्थित साहू छात्रावास पहुंची। इससे पूर्व साहू छात्रावास के कर्मा मंदिर में भी पूजा-अर्चना की गई।

गोकुलपुर कर्मा चौक में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने मां कर्मा के जीवन, उनके आदर्शों और समाज के लिए दिए गए योगदान पर प्रकाश डाला तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। पूर्व विधायक रंजना साहू ने कहा कि मां कर्मा त्याग, सेवा और समाज को एकजुट करने की प्रेरणा देती हैं। उनके आदर्शों को अपनाकर ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव है। पूर्व विधायक लेखराम साहू ने कहा कि मां कर्मा जयंती हमें कर्म, सेवा और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा देती है। मां कर्मा की भक्ति से जीवन में सदाचार और सकारात्मकता आती है तथा उनके आदर्शों पर चलकर ही समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है।

कार्यक्रम में विधायक ओंकार साहू, जिला साहू संघ अध्यक्ष गणेश राम साहू, महासचिव विजय साहू, डॉ एके गजपाल, डॉ एनपी गुप्ता, लक्ष्मी नारायण साहू, गणेश प्रसाद साहू, मंजूषा साहू, हिरेंद्र साहू, गजानन साहू, कमलेश कांत साहू, महेश साहू, कृष्णा साहू, जनक साहू, नारायण साहू, अनिल साहू, जय साहू, रामशिला साहू, असमत साहू, गौतम साहू, विजय गौतम साहू, चंद्रिका साहू, गोपाल साहू, डामिन साहू सहित गोकुलपुर परिक्षेत्र साहू समाज के पदाधिकारी, समाजजन, महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story