एचटीपीएस द्वारा भव्य स्वास्थ्य जागरूकता एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन, 110 ग्रामीणों ने उठाया लाभ
कोरबा, 23 मार्च (हि. स.)। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के अंतर्गत हसदेव ताप विद्युत गृह (एचटीपीएस) कोरबा पश्चिम द्वारा ग्राम चुईया में आज सोमवार को स्वास्थ्य शिविर एवं जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अतिरिक्त मुख्य अभियंता एम.के. गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर श्री गुप्ता ने ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा दिए गए स्वास्थ्य संबंधी सुझावों को अपनाकर सभी अपने जीवन को बेहतर और स्वस्थ बना सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि ग्रामीणों ने डॉक्टरों की सलाह को गंभीरता से सुना होगा और उसका पालन करेंगे।
एचटीपीएस द्वारा यह पहल आसपास के गांवों में निरंतर चलाई जा रही है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी की 2x660 मेगावाट नई परियोजना के अंतर्गत कॉर्पोरेट पर्यावरणीय उत्तरदायित्व (सीईआर) के तहत किया जा रहा है। कंपनी द्वारा संयंत्र के आसपास के 11 गांवों में इस प्रकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाया जा रहा है।
शिविर में एनकेएच अस्पताल कोरबा के न्यूरो फिजिशियन डॉ. मनीष गोयल ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि बार-बार सिरदर्द उच्च रक्तचाप का संकेत हो सकता है, जबकि एक तरफ का दर्द माइग्रेन हो सकता है। उन्होंने बिना डॉक्टर की सलाह के दवा लेने से बचने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने नसों में दर्द, झुनझुनी, मधुमेह के लक्षण, अनिद्रा और पैरालिसिस के मामलों में समय पर इलाज की महत्ता पर प्रकाश डाला।
त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. जय बावने ने त्वचा की देखभाल के लिए संतुलित आहार और स्वच्छता को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि प्रोटीन युक्त भोजन, हरी सब्जियां और फल बालों और त्वचा के लिए लाभकारी हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अधिकांश त्वचा रोग सही देखभाल और स्वच्छता से ठीक हो सकते हैं।
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रेणु कौशिक ने बच्चों के स्वास्थ्य को राष्ट्र की मजबूती से जोड़ते हुए माता-पिता से घर का बना भोजन देने और जंक फूड से दूर रखने की अपील की। उन्होंने छोटे बच्चों के लिए मां के दूध को सर्वोत्तम बताया।
चिकित्सा सलाहकार डॉ. एस.सी. खरे ने स्वस्थ जीवनशैली पर जोर देते हुए कहा कि नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, समय पर सोना और योग-ध्यान अपनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि मानव शरीर को सक्रिय रखने के लिए प्रतिदिन पर्याप्त शारीरिक गतिविधि आवश्यक है।
शिविर के दौरान 30 ग्रामीणों की मधुमेह जांच, 60 लोगों की रक्तचाप जांच की गई तथा 80 ग्रामीणों को सर्दी, खांसी, बुखार सहित आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। कुल 110 ग्रामीणों ने इस शिविर का लाभ उठाया, जिसमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल रहे।
कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य अभियंता एम.के. गुप्ता, परियोजना प्रबंधक एस.के. पंड्या सहित अन्य अधिकारियों, चिकित्सकों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

