महाराजा अग्रसेन जयंती पर बालको नगर में भव्य सांस्कृतिक एवं प्रतिभा सम्मान समारोह, मेधावी बच्चों का हुआ सम्मान
कोरबा, 11 अक्टूबर (हि. स.)। महाराजा अग्रसेन जयंती के अवसर पर बालको नगर अग्रवाल सभा द्वारा साईं मंगलम परिसर में आज भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में अग्रवाल समाज के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी बच्चों और प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ बच्चों की आकर्षक फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और मनमोहक स्वागत नृत्य के साथ हुआ। बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उल्लास का माहौल बना दिया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सुनील जैन, विशिष्ट अतिथि सुमेर डालमिया और शिव अग्रवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बालको नगर अग्रवाल सभा के अध्यक्ष हितानंद अग्रवाल ने की। इस अवसर पर समाज के मेधावी विद्यार्थियों और पूर्व में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मंच पर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्य अतिथि सुनील जैन ने अपने संबोधन में महाराजा अग्रसेन के आदर्शों और अग्रवाल समाज के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन के विचार समाज को एकता, सहयोग और सेवा की प्रेरणा देते हैं। उनके आदर्शों को जीवन में अपनाकर समाज को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।
सभा के अध्यक्ष हितानंद अग्रवाल ने समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों को संजोए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता को मजबूती मिलती है और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं गौरवशाली विरासत से जुड़ने का अवसर प्राप्त होता है।
कार्यक्रम का संयुक्त मंच संचालन अग्रवाल सभा के सचिव नीतीश डालमिया और कोषाध्यक्ष ऋषी अग्रवाल ने किया। समारोह को सफल बनाने में निधि अग्रवाल, पारुल अग्रवाल, ममता अग्रवाल और मीनाक्षी अग्रवाल का विशेष योगदान रहा।
महाराजा अग्रसेन जयंती पर आयोजित इस समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतिभा सम्मान के माध्यम से समाज की एकजुटता, प्रतिभा और परंपराओं की झलक देखने को मिली।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

