दाे अक्टूबर को सूरजपुर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में होगी ग्राम सभा
सूरजपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले की सभी ग्राम पंचायतों और उनके आश्रित ग्रामों में 2 अक्टूबर को ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। आज रविवार को कलेक्टर रेना जमील ने छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम, 1993 के तहत ग्राम सभा आयोजित करने के आदेश जारी किए हैं। ग्राम सभा में गणपूर्ति के साथ सदस्यों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सरपंच, पंच और सचिव की होगी।
ग्राम सभा में पिछली बैठक में पारित प्रस्तावों के क्रियान्वयन का पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। पंचायत के पिछले तिमाही के आय-व्यय की समीक्षा और अनुमोदन के साथ विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृत विकास कार्यों का विवरण भी रखा जाएगा। इसमें कार्य का नाम, प्राप्त राशि, व्यय राशि और कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी जाएगी।
बैठक में सड़कों पर मवेशियों को खुला छोड़ने से होने वाली समस्याओं पर चर्चा होगी। आवारा पशुओं के प्रबंधन, पशुओं को सड़कों पर नहीं छोड़ने के लिए जागरूकता और नियमों के तहत जुर्माना या शास्ति लगाए जाने संबंधी विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।
ग्राम सभा में जन्म, मृत्यु और विवाह पंजीयन के लंबित एवं निराकृत प्रकरणों तथा वितरित प्रमाण पत्रों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान, बाल विवाह की रोकथाम, टीबी मुक्त पंचायत, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और विकसित भारत-जी राम जी सहित जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

