जनजातीय गरिमा उत्सव में गांव-गांव पहुंचीं शासन की योजनाएं

WhatsApp Channel Join Now
जनजातीय गरिमा उत्सव में गांव-गांव पहुंचीं शासन की योजनाएं


स्वास्थ्य शिविर, संतृप्ति अभियान और वृक्षारोपण से बढ़ी जनभागीदारी

धमतरी, 19 मई (हि.स.)। जनभागीदारी अभियान एवं जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 के तहत जिले के दूरस्थ और जनजातीय बहुल गांवों में मंगलवार को शासन की योजनाएं सीधे लोगों तक पहुंचीं। गांव-गांव आयोजित संतृप्ति शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर और वृक्षारोपण कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

स्वास्थ्य शिविरों में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर बीपी और शुगर जांच की गई। जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। साथ ही आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण एवं अद्यतन की सुविधा उपलब्ध कराकर पात्र हितग्राहियों को स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा गया। चिकित्सा दलों ने ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छता और पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी। इसी क्रम में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत गांवों में सामूहिक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, सरपंच-सचिवों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने मिलकर पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।अधिकारियों ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप “सबसे दूर, सबसे पहले” की अवधारणा पर कार्य करते हुए जिले के सभी गांवों में 25 मई तक संतृप्ति शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने का लक्ष्य रखा गया है। जिला प्रशासन ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर शासन की योजनाओं का लाभ लेने और जनभागीदारी अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story