शासकीय भुगतान प्रक्रिया में बदलाव: अब ई चालान से होगी राशि जमा
धमतरी, 02 अप्रैल (हि.स.)। जिले में शासकीय राशि जमा करने की प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और आधुनिक बनाने के लिए प्रशासन ने महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब तक जहां यह राशि मैनुअल चालान के माध्यम से जमा की जाती थी, वहीं नई व्यवस्था में इसे पूरी तरह डिजिटल स्वरूप दिया गया है।
एक अप्रैल 2026 से लागू इस नई प्रणाली के तहत शासकीय राशि का भुगतान ई चालान मॉड्यूल के जरिए ओटीसी (ओवर द काउंटर) माध्यम से किया जाएगा। यह सुविधा फिलहाल स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मेन ब्रांच, धमतरी में उपलब्ध रहेगी। प्रशासन का कहना है कि इस बदलाव से भुगतान प्रक्रिया न केवल तेज होगी, बल्कि रिकॉर्ड भी व्यवस्थित और सुरक्षित रहेगा। इससे अनावश्यक देरी और त्रुटियों में कमी आने की उम्मीद है। सभी शासकीय विभागों एवं आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे नई व्यवस्था का पालन करते हुए ई चालान के माध्यम से ही राशि जमा करें, ताकि कार्यों में पारदर्शिता और सुविधा सुनिश्चित हो सके। नई प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं आवश्यक दिशा-निर्देश के लिए आवेदक एसबीआई मेन ब्रांच, धमतरी तथा जिला कोषालय धमतरी से संपर्क कर सकते हैं। डिजिटल व्यवस्था की ओर यह कदम प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक सुगम व विश्वसनीय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

